बिहार के मुजफ्फरपुर के डकरामा गांव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें तीन महिलाओं की बुरी तरह पिटाई और अर्धनग्न करके परेड कराई गई। पूर्वी मुजफ्फरपुर के एसडीओ कंदन कुमार ने कहा, 'यह एक अपराध है। पूरी जांच के बाद पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।'
बताया जा रहा है कि मुजफ्फरपुर के डकरामा गांव के लोगों ने महिलाओं को इसलिए पीटा क्योंकि उन्हें उनके चुड़ैल होने का अंधविश्वास था। जिसके कारण उन्हें सोमवार को पीटा गया और अर्धनग्न करके परेड कराई गई।
घटना के बाद गांव छोड़ कर जा चुकीं महिलाएं इतनी डरी हैं कि अपने ऊपर हुए इस अत्याचार की शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही हैं। हथौड़ी थाना अध्यक्ष जितेन्द्र देव दीपक ने बताया कि घटना की जानकारी होने पर थाने से जमादार को गांव में भेजा गया था, लेकिन पीड़ित पक्ष के गांव में नहीं होने के कारण उनका बयान दर्ज नहीं हो सका। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मामले पर पटना के एडीजी जितेंद्र कुमार ने कहा, 'कल मुजफ्फरपुर में महिलाओं के साथ हुए अमानवीय व्यवहार के मामले को पुलिस ने तुरंत संज्ञान में लिया। 15 से अधिक व्यक्तियों के खिलाफ नामजद कांड दर्ज करके नौ व्यक्तियों की अभी तक गिरफ्तारी की जा चुकी है। ये नौ वो लोग थे जो इस कांड को करने में सक्रिय रूप से शामिल थे।'