पुलिस की गिरफ्त में आरोपी ट्यूशन टीचर
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेगूसराय में गुरु शिष्य की परंपरा को तार-तार करने वाली एक घटना सामने आई है। जहां एक शिक्षक ने ट्यूशन पढ़ने गई एक आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। यह घटना गढ़पुरा थाना क्षेत्र की है। मामले का पता लगने पर परिजन थाने में न्याय पाने के लिए रिपोर्ट लिखवाने पहुंचे। वहीं, आरोपी शिक्षक ने भी थाने पहुंचकर अपनी गलती मान ली। उसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बच्ची के परिजनों ने बताया कि आरोपी शिक्षक पिछले एक साल से बच्ची को ट्यूशन पढ़ाने का काम कर रहा था। इसी सिलसिले में आज जब बच्ची प्राइवेट टीचर विक्की कुमार के घर पढ़ने गई हुई थी। तभी शिक्षक ने बच्ची को कमरे में ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस बात का पता घर वालों को तब लगा, जब बच्ची अपने घर पहुंच कर दर्द से छटपटाने लगी। उसके बाद घर वालों ने बच्ची से पूछताछ की तो सच्चाई सामने आई। उसके बाद गुस्साए परिजन शिक्षक के घर पहुंचे तो शिक्षक ने कहा कि उससे गलती हो गई है। उसके बाद परिजन न्याय पाने और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाने पहुंचे।
मामले को बिगड़ता देख आरोपी शिक्षक भी पीछे-पीछे थाना पहुंचा और अपनी गलती स्वीकार कर की। उसके बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। फिर पुलिस दोनों को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
परिजनों ने बताया कि शिक्षक विक्की कुमार एक साथ कई बच्चियों को ट्यूशन पढ़ा रहा था। उन्होंने बताया कि सभी बच्ची को छोड़ दिया और इसको अकेले रोक लिया। फिर उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर एक कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
इस मामले में प्रोबेशनर डीएसपी चांदनी कुमारी ने बताया कि शिक्षक द्वारा बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया है। इस घटना में पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।