रविवार दोपहर राबड़ी देवी के सरकारी आवास के बाहर जबरदस्त हंगामा हुआ। लालू प्रसाद यादव की बहू और बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय राबड़ी आवास से बाहर निकलीं और वहां उनके पिता चंद्रिका राय और मां भी मौजूद थे। इसके बाद ऐश्वर्या ने बताया कि राबड़ी देवी ने उन्हें धक्का देकर घर से निकाल दिया है।
उन्होंने मीसा भारती पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें रसोई में प्रवेश नहीं दी जाती थी। उन्हें रात से खाना तक नहीं दिया गया है। आज भी जब उन्होंने रसोई की चाबी मांगी तो ननद मीसा भारती और सास राबड़ी देवी ने दुर्व्यवहार किया। फिर घर से निकाल दिया गया। उनसे एक वीडियो छीनने की भी कोशिश की, जो उन्होंने तलाक के मुकदमे में सबूत के लिए बना रखा है।
लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ने ऐश्वर्या के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने दिल्ली में कहा कि उनके ऊपर लगाए जा रहे आरोप राजनीति से प्रेरित हैं। ईद के बाद वह सिर्फ तीन बार कोर्ट के काम से पटना गई हैं। बताया कि तीनों बार उनकी ऐश्वर्या से मुलाकात तक नहीं हुई है। जिस दिन गईं उसी शाम को वापस भी आ गई।
बता दें कि तेज प्रताप यादव ने उनके खिलाफ तलाक का मुकदमा दर्ज किया है। तलाक के मुकदमे के बावजूद भी ऐश्वर्या राय अपनी सास राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर रह रहीं थीं।
इसके पहले भी 14 सितंबर की दोपहर ऐश्वर्या राय अचानक राबड़ी आवास से रोती हुई निकलीं थीं। घर से निकलने के बाद वे अपने पिता की गाड़ी में बैठकर मायके चलीं गईं। अब ऐसा लग रहा है कि दोनो परिवार के संबंध दिनो-दिन बिगड़ते जा रहे हैं।