राजद नेता तेजस्वी यादव ने बृहस्पतिवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाषणों पर निशाना साधते हुए कहा कि कौन कहां से आया, यह महत्वपूर्ण नहीं है। बिहार के लिए बेरोजगारी और गरीबी का मुद्दा महत्वपूर्ण है।
भाजपा के घोषणापत्र पर बात करते हुए तेजस्वी ने कहा कि भाजपा के पास बिहार चुनाव में कोई चेहरा नहीं है, इसलिए वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को घोषणापत्र जारी करने के लिए खुद आना पड़ा। अब जबकि वह यहां पर हैं तो सीतारमण जी को बताना चाहिए कि उन्होंने बिहार को विशेष पैकेज और विशेष राज्य का दर्जा क्यों नहीं दिया। उन्होंने नीतीश पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 15 साल शासन करने के बाद भी उन्हें समझ नहीं आया कि बजट में क्या प्रावधान हैं।