बिहार के उप-मुख्यमंत्री सुशील मोदी के शादी कराने के तीन शर्तों को मानते हुए बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव ने एक शर्त रख दी है। तेज प्रताप ने इस शर्त के साथ एक तीर से दो निशाने साधने की कोशिश की है। उन्होंने सुशील मोदी समेत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा है।
बिहार के उप-मुख्यमंत्री सुशील मोदी के बेटे उत्कर्ष तथागत की शादी के मौके पर बिहार की राजनीति में रसूखदार यादव परिवार और सुशील मोदी के बीच शुरू हुआ विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। बिहार में राजनीतिक सरगर्मियों को बढ़ाते हुए सियासी बयानबाजी लगातार जारी है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने सुशील मोदी के बेटे की शादी में आमंत्रण के बाद सुशील मोदी को घर में घुस कर मारने की धमकी दी थी।
इसके बाद सुशील मोदी ने शादी समारोह का स्थल बदल दिया और लालू यादव से कहा कि अपने बेटे के समझाएं। इसके जवाब में लालू यादव ने कहा कि, 'तेज प्रताप कुछ नहीं करेगा सुशील मोदी निश्चिंत होकर बेटे की शादी करें।' लालू यादव शादी में शरीक भी हुए और उत्कर्ष तथागत और उसकी दुल्हन के हाथों में शगुन का लिफाफा भी थमाया जो बंद था। कुल मिलाकर उप-मुख्यमंत्री के बेटे की शादी होने से पहले और बाद में भी सुर्खियों में रही।
यह भी पढ़ें: लालू के बेटे की 'दुल्हन' ढूंढने को राजी सुशील मोदी, कहा- पहले ये तीन शर्तें पूरी करो
विवाद ठंडा पड़ते ही तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया ट्विटर पर सुशील मोदी को 'अंकल' कहते खुद के लिए दुल्हन खोजने की जिम्मेदारी दी। सियासी लड़ाई के बीच अभिभावक की जिम्मेदारी मिलते ही सुशील मोदी तेज प्रताप की शादी के लिए लड़की ढूंढ़ने को भी तैयार हो गए लेकिन उन्होंने तेज प्रताप यादव के सामने 'तीन शर्तें' रख दीं।
अब तेज प्रताप यादव ने ट्वीट कर कहा है कि उन्हें सुशील मोदी 'अंकल' की सभी शर्तें मंजूर हैं। हालांकि तेज प्रताप ने इस रजामंदी के साथ ही उप-मुख्यमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए अपनी भी 'शर्त' सामने रख दी है। उन्होंने लिखा है कि, 'सुशील अंकल की सभी शर्तें मंजूर, पर मेरी एक ही शर्त! अपने लिए जिस तरह से 'नीतीश चाचा' को 'दूल्हा' माना है, उसी तरह की धोखा देनेवाली 'दुल्हन' मुझे मंजूर नहीं..'
सुशील अंकल के सभी शर्तें मंजूर पर मेरा एक ही शर्त! अपने लिए जिस तरह से नीतीश चाचा को दुल्हा माना है उसी तरह की धोखा देने वाली दुल्हन मुझे मंजूर नहीं.. https://t.co/JzF5D6IUGc
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) December 4, 2017