सीवान के अर्चना ज्वेलर्स के शोरूम में करीब दो करोड़ रुपये के जेवर के लूट की घटना में नए खुलासे हो रहे हैं। इस लूट के सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि बदमाशों ने लूट की वारदात को केवल तीन मिनट में अंजाम दिया था। इस दौरान बदमाशों ने कारोबारी सुभाष प्रसाद के पैर में गोली भी मारी। पुलिस ने इस कांड में शामिल चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए अपराधियों के पास से लूटा गया पांच किलो 105 ग्राम सोना, सात देशी पिस्टल, 35 कारतूस, एक बाइक, दो मोबाइल आदि बरामद किए गए हैं।
सीसीटीवी में दिख रहा है कि आठ नकाबपोश अपराधी हथियार लेकर दुकान में आते हैं। एक कर्मचारी दरवाजा खोलता है। छह अपराधी दुकान के अंदर घुसते हैं, जबकि दो लुटेरे दुकान के बाहर हथियार लहराते हुए खड़े रहते हैं। हथियार देखते ही दुकान में मौजूद सभी लोग हाथ खड़े कर देते हैं।
इसके बाद अपराधी लूट की घटना को अंजाम देते हैं। इस दौरान स्वर्ण व्यवसायी सुभाष प्रसाद को एक अपराधी ने पहले थप्पड़ मारा। उसके बाद दूसरा अपराधी उनके पैर में गोली मार देता है। इसके बाद लुटेरे करीब दो करोड़ रुपये के गहने लूटकर आराम से फरार हो जाते हैं।
बता दें कि नगर थाना क्षेत्र स्थित तेल हटा बाजार में अर्चना ज्वेलर्स पर हथियारबंद बदमाश पहुंचे और दुकान में लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए चार बाइक पर सवार होकर करीब आठ बदमाश आए थे। इन्होंने भरे बाजार में तीन मिनट में दुकान लूट ली थी।