बिहार में शहाबुद्दीन की बेटी हेरा शहाब और दामाद शादमान के ज्ञानबाबू चौक स्थित घर रानीकोठी में आज (शुक्रवार को) वलीमा (रिसेप्शन) है। इसको लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। समारोह में पटना, सीवान, मुजफ्फरपुर, बेतिया, बगहा सहित विभिन्न जगहों से रिश्तेदारों सहित अन्य मेहमान आ रहे हैं।
शहाबुद्दीन की बेटी हेरा शहाब के रिसेप्शन समारोह के लिए शादमान के पिता इफ्तेखार अहमद सह साहब के घर रानीकोठी में भव्य पंडाल बनवाया गया है। इन पंडालों को कई तरह की आकर्षक डिजाइन देकर सजाया गया है। आस-पड़ोस के लोग भी इन कलाकृतियों को देखने के लिए आ रहे हैं।
50 तरीकों के स्वादिष्ट पकवान बनाए जा रहे हैं भोज के लिए
भोज में शामिल होने वाले लोगों के लिए लगभग 50 तरीकों के स्वादिष्ट पकवान बनाए जा रहे हैं। जिसमें शाकाहारी लोगों के लिए अलग व्यवस्था है। जबकि मांसाहारी भोजन खाने वाले लोगों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। मांसाहार में भी कई तरह के आइटम बनाए जा रहे हैं। जहां तीन तरीकों के मटन के आइटम, मटन बिरयानी, पुलाव, आदि बनाए जा रहे हैं। वहीं, लकड़ी पर कई तरह के पकवान बनाए जा रहे हैं। ताकि मेहमानों के खाने में कुछ अलग तरह का स्वाद आ सके।
रिसेप्शन में कोलकाता से फूल मंगाकर घरों की सजावट की गई
रिसेप्शन में जिले सहित कई अन्य जिलों के आलाधिकारी सहित कई नामचीन हस्तियां शामिल होगीं। कोलकाता से कई तरह के आकर्षक फूल मंगाकर घरों सहित पंडालों की सजावट की गई है। वहीं रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से दूल्हा- दूल्हन के कमरों को सजाया गया है। वहीं घर के सभी कमरों की विभिन्न डिजाइनों में सजावट की गई है।