आषाढ़ के महीने में पड़ रही भीषण गर्मी से जन जीवन अस्त व्यस्त है। भीषण गर्मी के प्रभाव से आम लोग तो परेशान हैं ही, लेकिन स्कूली बच्चों का स्वास्थ्य खासा प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को गोपालगंज जिले के पंचदेवरी प्रखंड के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मझवलिया में पढ़ाई के समय तीसरी घंटी में अलग-अलग वर्ग की कक्षाओं में तीन छात्राएं और एक छात्र बेहोश होकर गिर पड़े। एक साथ चार बच्चों के बेहोश होकर गिरने से विद्यालय में अफरातफरी का माहौल हो गया। अन्य बच्चों के साथ विद्यालय के शिक्षक भी घबरा गए।
विद्यालय में प्राथमिक इलाज के बाद आनन-फानन में तीनों बीमार छात्राओं और एक छात्र को तत्काल पीएचसी पंचदेवरी में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा किए गए इलाज के बाद उनका स्वास्थ्य सामान्य है।
विद्यालय के शिक्षक आलोक कुमार राय, जयपाल टुडू और तारकेश्वर मिश्र ने बताया कि विद्यालय की तीसरी घंटी चल रही थी। उसी दौरान कक्षा नौ की छात्रा चांदनी कुमारी चक्कर खाकर गिर गई। विद्यालय के शिक्षक और बच्चे कुछ समझ पाते उससे पूर्व कक्षा नौ के ही एक और छात्र वृज राम, वर्ग आठ की छात्रा ज्योति कुमारी और वर्ग 10 की छात्रा सुनीता कुमारी भी कक्षा में बेहोश होकर गिर गए। अचानक हुई इस घटना से विद्यालय में हड़कंप मच गया। सभी बच्चे डर गए। चारों बेहोश हुए बच्चों को विद्यालय में प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल स्वास्थ्य लाभ के लिए पीएचसी पंचदेवरी लाया गया। जहां इलाज के बाद चिकित्सकों ने दोनों छात्रों को खतरे से बाहर बताया है।
वहीं, विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सरकारी आदेश के अनुसार विद्यालय का समय सुबह नौ बजे से शाम 4:30 बजे तक किया गया है। सूर्योदय के तुरंत बाद से ही गर्मी प्रचंड रूप धारण कर लेती है। नतीजन छोटे-छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।