घटना के बाद नदी किनारे लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई
- फोटो : अमर उजाला
छपरा जिले के मशरक थानाक्षेत्र में अहले सुबह शौच के लिए गए 20 वर्षीय युवक गोलू कुमार की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना चांद कुदरिया पंचायत के सुंदर गांव के घोघारी नदी में हुई। मृतक गोलू कुमार, मोगल राय का इकलौता बेटा था और सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, गोलू रोज सुबह दौड़ने से पहले नदी किनारे शौच करने जाया करता था। सोमवार को उसका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने हल्ला मचाया और अभिराम तिवारी, मुन्ना यादव, राजेश यादव सहित अन्य लोग नदी में कूदकर गोलू की तलाश करने लगे। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव निकाला जा सका।
इस घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। बेटे गोलू की मौत होने की खबर से मां नैना देवी और पिता मोगल राय बार-बार बेसुध हो रहे हैं। गोलू अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी अभी शादी नहीं हुई है। गोलू की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच कर रही है।