सीवान जिले के एक मदरसे से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए दो छात्रों में से दूसरे छात्र अशरफ अली का शव भी गुरुवार को गोपालगंज से बरामद कर लिया गया। इससे पहले बुधवार को पहले छात्र 14 वर्षीय मोहम्मद जैद अली का शव थावे थाना क्षेत्र के बंगरा पांडेय टोली स्थित चंवर में एक तालाब के पास मिला था।
अशरफ का शव भी थावे थाना क्षेत्र के उदंत राय के बंगरा और हरपुर के बीच चंवर में चिमनी के पास मिला है। लगातार दो दिनों में दोनों लापता छात्रों के शव मिलने से सीवान और गोपालगंज के पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ड्रोन सर्च अभियान के दौरान बरामद हुआ दूसरा शव
बुधवार को मोहम्मद जैद अली का शव मिलने के बाद से ही पुलिस दूसरे लापता छात्र अशरफ अली की तलाश में युद्धस्तर पर जुटी हुई थी। चंवर और आसपास के दुर्गम इलाकों में सघन तलाशी के लिए पुलिस ड्रोन कैमरों और डॉग स्क्वायड की मदद ले रही थी। इसी क्रम में गुरुवार को चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को अशरफ अली का भी शव बरामद हुआ।
अशरफ अली, पिता असलम कुरैशी, पुरानी बाजार, थाना बड़हरिया, जिला सीवान का निवासी था। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
गन्ना तोड़ने के विवाद के बाद हुए थे लापता
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 23 नवंबर को सीवान के एक मदरसे के पांच छात्र चंदा वसूलने के लिए ऑटो रिक्शा से गोपालगंज आए थे। रास्ते में थावे थाना क्षेत्र के बंगरा गांव के पास उनका ऑटो अचानक खराब हो गया। इस दौरान चार छात्र पास के ही एक खेत में गन्ना तोड़ने चले गए। आरोप है कि खेत मालिक ने छात्रों को गन्ना तोड़ते हुए पकड़ लिया था। इसी घटना के बाद से मोहम्मद जैद अली (निवासी- बनियापुर, थाना बड़हरिया, सीवान) और अशरफ अली रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। परिजनों की शिकायत पर थावे थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
ये भी पढ़ें- बिहार: भूमि सर्वेक्षण की हर महीने होगी समीक्षा, मंत्री दिलीप जायसवाल खुद करेंगे मॉनिटरिंग
परिजनों में कोहराम, पुलिस और एफएसएल की जांच तेज
दोनों छात्रों के शव मिलने के बाद उनके परिवारों में कोहराम मच गया है। मृतक छात्रों के परिजनों ने इसे सोची-समझी हत्या करार देते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। वहीं, सदर एसडीपीओ चंदन कुमार ने बताया कि पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मृत छात्र का फाइल फोटो