मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर हमला बोला है। बुधवार को तेजस्वी ने सीएम नीतीश कुमार पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए कुछ सवालों के जवाब मांगे हैं।
आरजेड़ी नेता ने तेजस्वी यादव ने कहा, "मैं नीतीश कुमार से पूछना चाहता हूं कि मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया है? मुख्यमंत्री अपनी कॉल डीटेल सार्वजनिक करें, ब्रजेश ठाकुर अपने राजनीतिक कनेक्शन को इस्तेमाल करके केस को कमजोर कर रहा है, हम इस मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हैं।"
इससे पहले विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि जो मुख्य अभियुक्त है बृजेश ठाकुर, उसका सुशील मोदी जी के साथ उठना-बैठना रहा है। सुशील मोदी उसको संरक्षण दे रहे हैं। बृजेश ठाकुर के अलावा कई और नेता इसमें शामिल हैं। तेजस्वी ने कहा कि इस संवेदनशील मामले की जांच अदालत की निगरानी में हो।