बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और इस समय विद्रोही रुख अपनाए तेज प्रताप यादव को अपनी ही पार्टी में ताने सुनने पड़ रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व सांसद रामा सिंह ने बुधवार को कहा कि तेज प्रताप पार्टी में रहें या जाएं, इससे पार्टी के किसी भी नेता पर कोई प्रभाव पड़ने वाला नहीं है।
स्थानीय विदुपुर बाजार में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने गए रामा सिंह ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए तेज प्रताप और उनके छोटे भाई तेजस्वी को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद दोनों, कुश्वेश्वरस्थान और तारापुर, उप चुनावों में जीत हासिल करेगी।बिहार के लोग तेजस्वी यादव के साथ हैं।'
'पार्टी महत्वपूर्ण होती है, कोई व्यक्ति नहीं'
तेज प्रताप यादव के राजद से हटने की बात पर रामा सिंह ने कहा कि पार्टी महत्वपूर्ण होती है, कोई व्यक्ति महत्वपूर्ण नहीं होता। लोग आते-जाते रहते हैं, पार्टी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि तेज प्रताप की वजह से राजद पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। उप चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि इन चुनावों में राजद की जीत निश्चित है।
एलपी आंदोलन शुरू करूंगा: तेज प्रताप
तेज प्रताप के खिलाफ राजद नेताओं का यह रुख नया नहीं है। इससे पहले पार्टी के उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने कहा था कि तेज प्रताप अब पार्टी में नहीं हैं। वहीं, आलोचना के बाद भी तेज प्रताप झुकने के मूड में नहीं है। उन्होंने कहा है कि मैं जेपी (जय प्रकाश) आंदोलन की तर्ज पर एलपी (लालू प्रसाद) आंदोलन शुरू करूंगा।