अररिया जिले में एक अमानवीय कृत्य का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक को चोरी के आरोप में कुछ लोगों ने पकड़ रखा है और उसका हाथ बांधकर उसके साथ अमानवीय कृत्य कर रहा है। युवक का पैंट खोलकर उसके गुप्तांग में मिर्ची का पाउडर डाले जाने जैसे कृत्य को अंजाम दिया जा रहा है।
बता दें कि चोरी के आरोप में पकड़ा गया युवक इस कृत्य से कराह रहा है। बावजूद इसके चारो ओर जमा भीड़ न तो उसका बचाव कर रही है और न ही इस तरह के कृत्य करने वाले को रोक रही है। अलबत्ता मौजूद कुछ लोग मोबाइल पर वीडियो बनाने से जरूर रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद अररिया जिला पुलिस हरकत में आई। वायरल वीडियो का तकनीकी शाखा से सत्यापन कराया गया। तकनीकी शाखा के द्वारा वीडियो के नगर थाना क्षेत्र के इस्लामनगर के होने की पुष्टि की गई, जिसके उपरांत नगर थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार के द्वारा अररिया नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया गया।
अररिया नगर थाना में प्राथमिकी कांड संख्या 451/24 दिनांक 27.8.24 धारा 109.117 (4) बीएनएस के तहत दर्ज करते हुए घटना में शामिल आरोपी नगर थाना क्षेत्र के इस्लामनगर वार्ड संख्या-2 के रहने वाले मो. सिफत पिता अब्दुल रहमान को नामजद अभियुक्त बनाया गया। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर और अमानवीय कृत्य को अंजाम देने वाले आरोपी मो. सिफत को गिरफ्तार किया है। वायरल वीडियो में शामिल अन्य के बारे में पूछताछ कर रही है। एसपी ने मामले की पुष्टि करते हुए तकनीकी शाखा से जांच में वीडियो की सत्यता प्रमाणिक होने की बात करते हुए आरोपी के गिरफ्तारी की बात कही। इस वीडियो को कांग्रेस के नेता सुरेंद्र राजपूत और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर दिया था।