बाढ़ अनुमंडल के मोकामा थाना अंतर्गत बरहपुर गांव स्थित एक कुंए से दो किशोर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनो युवक के सिर पर जख्म के निशान हैं। लगभग तीन बजे शव मिलने की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोर और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि सुबह लगभग आठ बजे से ही दोनो किशोर लापता थे।
वहीं, उसी गांव के दो अन्य किशोर बीती रात लगभग ग्यारह बजे से लापता है, अन्य दो किशोर के कुंए में होने की आशंका पर पुलिस और ग्रामीण मिलकर कुंए का पानी निकालने में जुटे है, कुंए में मोटर लगाया गया है।
मृतक किशोर की पहचान रजनीश कुमार (14) और सोनू कुमार (15) के तौर पर हुई है दोनो बरहपुर बिंद टोला के रहने वाले है।
मामले की सूचना के बाद ग्रामीण एसपी कोमल मीणा, एसडीपीओ-1 रामकृष्ण और मोकामा थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है। मौके से नशे में प्रयोग की जाने वाली लोहे की एक सामग्री मिली है।
परिजनों के अनुसार किशोर की हत्या कर शव कुंए में फेंका गया है। उन्हे किसी से कोई विवाद होने की जानकारी नही है, कोई इन सबको प्रलोभन देकर इधर लाया है और हत्या कर दी है।
सचिन कुमार ने बताया कि उसका भाई संगम कुमार (10) कल रात से लापता है वह अपने भाई को गांव के ही गन्नु कुमार (18) के साथ था और दोनो लापता है। इससे पहले भी किशोर तीन बार घर से लापता हुआ है लेकिन कभी सुल्तानपुर कभी कहीं और से परिजनों ने ढूंढ लिया था। वह पंडारक में अपने भाई की खोजबीन कर ही रहे थे तभी दो किशोर के शव मिलने की जानकारी मिली, उन्होने बताया कि दोनो मृतक से उनके भाई की दोस्ती नही थी।
ये भी पढ़ें- बिहार: बेगूसराय में गैंगरेप पीड़िता को छत से फेंका, केस वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप; पड़ोसी गिरफ्तार
एसडीपीओ-1 रामकृष्ण ने बताया कि मोकामा थाना को कुएं में शव होने की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कुएं से दो शव को बाहर निकाला। ग्रामीण एसपी और वह खुद छठ घाट का निरीक्षण करने मोकामा आए हुए थे वह भी मौके पर पहुंचे।
कुएं में और भी शव होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है, कुएं में लगभग 25 से 30 फीट पानी भरा है जिसे मोटर लगाकर निकाला जा रहा है। एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को मौके पर बुलाया गया है, वहीं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर छापेमारी की जा रही है। युवक के शरीर पर चोट लगने के निशान है जिसे संभवत प्रतीत होता है कि उसकी हत्या पीट-पीट कर की गई है और उसे कुएं में फेंका गया है या वह गिर गए हैं।