बांका के जेडीयू सांसद गिरधारी यादव ने भाजपा पर हमला बोला है। बुधवार को एक साक्षात्कार में गिरधारी यादव ने नरेंद्र मोदी की सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ वोट लेने के लिए बिहार आती है, विकास को लेकर नहीं।
बिहार में एक बार फिर से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बांका के जेडीयू सांसद गिरधारी यादव ने भाजपा पर हमला बोला है। बुधवार को एक साक्षात्कार में गिरधारी यादव ने नरेंद्र मोदी की सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ वोट लेने के लिए बिहार आती है, विकास को लेकर नहीं।
विज्ञापन
यादव ने कहा कि 2014 में बिहार ने एनडीए को 31 सांसद दिए थे, 2019 में तो 39 सांसद दिए थे। लेकिन यहां के विकास से भाजपा का कोई लेना देना नहीं है। भाजपा केवल वोट लेने के लिए आती है। गिरधारी यादव ने कहा है कि पिछले सात सालों में पटना से दिल्ली के लिए एक भी ट्रेन केंद्र सरकार द्वारा नहीं दी गई है। लगातार यात्रियों की संख्या बढ़ने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी सांसदों ने सरकार से नई ट्रेन देने की मांग की थी, लेकिन आज तक एक ट्रेन नहीं चल पाई।
भाजपा का पलटवार
जेडीयू सांसद गिरधारी यादव के इस बयान पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने पलटवार किया है। पटेल ने कहा कि जिस नरेंद्र मोदी के नाम पर वोट लेकर जीत गए और सांसद बन गए, उन पर सवाल उठाने का कोई हक नहीं है। नरेंद्र मोदी ने साफ कहा है कि बिहार में विकास केंद्र सरकार के प्रमुख उद्देश्यों में से एक है। ऐसे लोग जो सवाल उठा रहे हैं वे हैं तो किसी दल में लेकिन उनका दिल कहीं और लगता है।
विज्ञापन
राजद ने वीडियो साझा कर उठाए एनडीए पर सवाल
वहीं आरजेडी ने जेडीयू सांसद का वीडियो साझा करते हुए एनडीए पर सवाल उठाया है। आरजेडी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर इस वीडियो को साझा करते हुए कहा गया है कि वाह क्या गठबंधन है! कितना तालमेल है जिसके नेता स्वयं स्वीकारते हैं कि बिहार में विकास ठप है?