मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी से लगातार नई खबर सामने आ रही है। कुछ घंटे पहले भागलपुर के गोपालपुर से विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल के धरने की खबर आई। अब उनके धुर विरोधी भागलपुर के सांसद अजय मंडल के इस्तीफे की पेशकश सामने आई है। गोपाल मंडल से विधायकी छिनने का खतरा है तो अजय मंडल ने खुद सांसदी छोड़ने के लिए जनता दल यूनाईटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से अनुमति मांगी है। उन्होंने कहा कि अब संगठन में समर्पित कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेतृत्व की राय का कोई महत्व नहीं रह गया है। अपने आत्मसम्मान और पार्टी के भविष्य की चिंता करते हुए सांसद पद पर मेरा बने रहने का क्या औचित्य है? इसलिए मैं अपना इस्तीफा दे रहा हूं।
कुमारी अपर्णा और अनुज मंडल के लिए टिकट की चाह
एक समय अजय मंडल जदयू के विधायक थे। गोपाल मंडल भी। गोपाल मंडल विधायक ही रह गए और अजय मंडल आगे बढ़कर सांसद हो गए। उनके सांसद बनने के बाद से वह विधायक के रूप में अपने भाई अनुज मंडल के नाम को आगे बढ़ाना चाहते हैं। भागलपुर जदयू के अंदर यह बात सभी को पता है। इसके अलावा, वह जदयू नेत्री कुमारी अपर्णा को भी टिकट दिलाने के लिए प्रयासरत बताए जाते हैं। गोपाल मंडल ने पिछले दिनों अजय मंडल का अपर्णा के साथ गलत संबंध बताया था, जिसपर हंगामा मच गया था। अपर्णा रिश्ते में अजय मंडल की भांजी लगती है और अपर्णा ने पवित्र रिश्ते को कलंकित करने के प्रयास पर गोपाल मंडल को खरी-खोटी सुनाई थी। गोपाल मंडल की विधायकी पर खतरे की एक वजह यह विवाद भी रहा है। दूसरी तरफ, ऐन वक्त पर इन्हीं मुद्दों पर सीएम तक बात पहुंचाने में असमर्थ रहे अजय मंडल ने इस्तीफे की पेशकश की है। वह सांसदी से इस्तीफे के लिए पार्टी अध्यक्ष को लिख चुके हैं। इस्तीफा स्वीकार होने की उम्मीद नहीं है, लेकिन इसी बहाने बात पहुंच गई है।