घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
बक्सर में मंगलवार की दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सदर अस्पताल के नजदीक ब्रह्म स्थान के पास स्थित एक तालाब से एक युवक का शव बरामद हुआ। शव पानी में फूलकर ऊपर आ गया था, जिसे देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रशासन की निगरानी में शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, लेकिन शव की जेब से बरामद चीजों ने मामले को संदिग्ध बना दिया है। पुलिस को युवक की जेब से शराब के दो टेट्रा पैक, कुछ कागजात और एक मोबाइल फोन मिला है। युवक के शरीर पर छीटदार शर्ट और जींस पैंट के साथ जनेऊ भी पाया गया है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक हिंदू परिवार से हो सकता है।
यह भी पढ़ें- Waqf Amendment Act:राजद नेता बोले- हक छीन रही है सरकार, नीतीश अब मुखिया बनने लायक भी नहीं; आगे की रणनीति बताई
नशे में डूबने की आशंका या हत्या?
शव के पास मौजूद चीजों ने पुलिस को भी उलझन में डाल दिया है। तालाब के किनारे एक लाल रंग की चुनरी और एक सफेद गमछा पड़ा मिला, जिनमें से सफेद गमछे पर खून के धब्बे थे। यह स्थिति सिर्फ दुर्घटनावश डूबने की थ्योरी से अलग हटकर हत्या की आशंका की तरफ इशारा कर रही है।
स्थानीय लोगों में चर्चा है कि हो सकता है युवक शराब के नशे में तालाब में गिर गया हो और उसकी डूबने से मौत हो गई हो। लेकिन खून लगे कपड़े, पास में पड़े दो गमछों और एक चुनरी ने इस घटना को रहस्यमयी बना दिया।
यह भी पढ़ें- Crime: युवक ने घर में घुसकर की ताबड़तोड़ फायरिंग, देसी कट्टा लहराने का वीडियो वायरल होने पर आरोपी गिरफ्तार
मामले की पुलिस जांच में जुटी
नगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पुराने सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का पता चल सकेगा। साथ ही युवक की पहचान के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं। जेब से मिले कागजात और मोबाइल फोन की जांच के जरिए परिजनों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। इधर, घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। लोगों में दहशत है और कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हत्या के एंगल को भी गंभीरता से खंगाला जा रहा है।