एनआईए ने सीपीआईएम कैडर के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल कर दिया है
- फोटो : ANI
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने सीपीआई (माओवादी) कैडर अनिल यादव उर्फ छोटा संदीप के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। अनिल यादव पर बिहार में व्यापारियों से जबरन वसूली करने और हिंसक नक्सली विचारधारा का प्रचार करने में कथित संलिप्तता का आरोप है। एनआईए ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, औरंगाबाद जिले के निवासी आरोपी अनिल यादव का नाम सोमवार को एनआईए की विशेष अदालत में दाखिल पूरक आरोप पत्र में दर्ज किया गया है। एनआईए ने इससे पहले प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) संगठन द्वारा बिहार के मगध क्षेत्र में नक्सलवाद को फिर सक्रिय करने की कोशिशों के संबंध में 26 सितंबर, 2023 को दर्ज मामले में चार अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था।
एजेंसी ने कहा कि एनआईए जांच में पता चला है कि सीपीआई (माओवादी) का सक्रिय सदस्य छोटा संदीप प्रतिबंधित संगठन की हिंसक विचारधारा का प्रचार करने में शामिल था, जिसका उद्देश्य लोगों को इसमें शामिल होने के लिए बरगलाना था। आरोप है कि वह अन्य आरोपियों रोहित राय, प्रमोद यादव, प्रमोद मिश्रा और अनिल यादव उर्फ अंकुश के साथ मिलकर स्थानीय ईंट भट्ठा मालिकों और ठेकेदारों से लेवी वसूल कर धन जुटाने में भी शामिल था।
एनआईए ने कहा कि जांच में छोटा संदीप के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड का भी पता चला है। उसके खिलाफ औरंगाबाद और गया जिलों के पुलिस थानों में चार मामले दर्ज हैं। एनआईए की जांच के अनुसार, आरोपी ने आठ जून, 2023 को औरंगाबाद के माही गांव में एक बैठक की थी। उसका उद्देश्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों, ठेकेदारों, टोल प्लाजा और ऐसी अन्य संस्थाओं से लेवी वसूलने की साजिश रचना था, जिससे भारत की संप्रभुता और अखंडता को नष्ट करने की एक बड़ी साजिश का पता चला है।