Road Accident: एक युवक की सगाई होने वाली थी, इससे पहले की उसकी सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे से परिजनों में चीख पुकार मच गई है।
कैमूर जिले में सगाई होने से पहले की सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। खुशी का माहौल मातम में तब्दील हो गया। वहीं, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ है। वहीं, घायल दो युवक अनुमंडल अस्पताल में भर्ती हैं।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, बताया जाता है कि मृतक कुछिला थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी स्वर्गीय सन्नी पांडेय का 20 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार बताया जाता है। वहीं, सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के पड़ोसी ने बताया कि युवक कुछ दिन पहले ही हैदराबाद से काम करके घर लौटा था। इसी बीच वह अपने मौसी के घर शादी समारोह में नौडीहा गांव गया हुआ था। जहां से वह बाइक से दो युवकों के साथ अपने घर अहिरौली आ रहा था, तभी मोहनिया के दादर गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया।
जहां घटना स्थल पर ही इसकी दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों द्वारा इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल मोहनिया लाया गया। जहां घायल दोनों युवकों का भर्ती कर चिकित्सक द्वारा इलाज किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि युवक की सगाई 13 अप्रैल को होना था। इसके पहले ही उसकी अर्थी उठ गई, जिससे उसके परिजन काफी आहत हैं। इस घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, प्रशासन द्वारा पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, मृतक के परिजनों ने जिला प्रशासन और सरकार से मुआवजे की मांग किया है।