राखी के मौके पर जहां लोग भाई-बहन के प्यार का त्योहार मना रहे थे, वहीं पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में चोरों ने इस खुशी के दिन को एक परिवार के लिए कड़वी याद में बदल दिया। खेदलपुरा गांव में चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये के गहने और नकदी उड़ा लिए। घटना उस समय हुई जब घर की मालकिन बेबी देवी अपने बच्चों के साथ मायके गई हुई थीं।
ताले काटकर गोदरेज से उड़ाए गहने और नकदी
पुलिस के अनुसार, बीती देर रात चोरों ने घर के मेन गेट का ताला काटकर भीतर प्रवेश किया और कमरे में रखे गोदरेज को तोड़कर उसमें रखे लगभग 10 लाख रुपये के सोने के गहने और आठ से नौ हजार रुपये नकदी लेकर फरार हो गए। घर लौटने पर बेबी देवी ने देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा है और गहनों के साथ नकदी भी गायब है।
यह भी पढ़ें- Bihar Crime: देसी कट्टा लेकर थाने पहुंचा सनकी युवक, पुलिस को चकमा देकर फरार; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय गैंग पर शक
बेबी देवी ने बताया कि वह राखी के दिन भाई को राखी बांधने मायके गई थीं। सुबह गांव के लोगों ने उन्हें फोन कर घर में चोरी की सूचना दी। घर पहुंचने पर चोरी का पूरा मंजर देखकर वे हैरान रह गईं। उनका कहना है कि आसपास के स्मैकर गैंग के लोग ही इस तरह की वारदात को अंजाम देते हैं।
पुलिस गश्ती पर उठे सवाल
इस घटना ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि चोरी की वारदात थाना से महज एक किलोमीटर की दूरी पर हुई है। फिलहाल बिहटा थानाध्यक्ष कृष्णा कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और चोरों की तलाश में पुलिस की विशेष टीम लगाई गई है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: ग्रामीणों ने बिजली-पानी की समस्या को लेकर किया हल्ला बोल, पांच घंटे सड़क रही जाम