बिहार के भोजपुर के चरपोखरी थाना क्षेत्र के गड़हनी गांव निवासी एक 30 वर्षीय व्यक्ति को सोए अवस्था में गोली लग गई। घायल युवक की पहचान चरपोखरी थाना क्षेत्र के गड़हनी गांव निवासी मूसा कुरैशी के बेटे बबलू कुरैशी के तौर पर हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घायल बबलू कुरैशी ने बताया कि मैं गुरुवार की रात अपनी छत पर सोया था। शुक्रवार की सुबह छह बजे जागा तो देखा कि छत पर ही मेरे बेटे और चाचा के दो लड़के पिस्टल हाथ में लेकर खेल रहे थे। उसी दौरान फायर हो गया और गोली मुझे लग गई। घटना के बाद परिवार के लोगों ने मुझे घायल अवस्था में इलाज के लिए आरा के डॉक्टर विकास के यहां लाए। जहां डॉक्टर विकास ने ऑपरेशन कर गोली निकाली।
घायल ने बताया कि जिस लड़के से फायर हुआ है। वह मेरे बेटे का दोस्त है। अनजाने में घटना घटी है। सभी बच्चे बहुत ही कम उम्र के लड़के हैं। अनजाने में गोली लग गई है, केस नहीं करना है। वहीं, डॉक्टर विकास ने बताया कि घायल को जांघ में एक गोली लगी थी जो कमर के पास आकर फंस गई थी। ऑपरेशन करके गोली को निकाल दिया गया है। फिलहाल युवक की स्थिति सामान्य है।
वहीं, चरपोखरी थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के गड़हनी गांव में शुक्रवार की सुबह एक युवक को गोली लगने की सूचना मिली थी। घायल का इलाज आरा के निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। घायल या उसके परिवार की तरफ से किसी भी प्रकार का आवेदन थाने में नहीं दिया गया है। पुलिस अपने स्तर से घटना की जांच कर रही है।