अस्पताल में भर्ती घायल पेट्रोल पंप मैनेजर पंकज कुमार
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के पटना के शाहजहांपुर में सोमवार को पेट्रोल पंप के मैनेजर से लूटपाट में असफल रहने पर अपराधियों ने उसे गोली मार दी। घायल अवस्था में पेट्रोल पंप के मैनेजर को इलाज के लिए एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। घटना के बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। उसके बाद सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गया।
जानकारी के मुताबिक, कृति पेट्रोल पंप के मैनेजर पंकज कुमार अपने एक अन्य पेट्रोल पंप के स्टाफ के साथ सोमवार को शाहजहांपुर स्थित स्टेट बैंक में पैसा जमा कराने जा रहा था। इसी दौरान शाहजहांपुर गांव के नजदीक मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उससे रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि इसे लेकर मैनेजर और अपराधियों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान खुद को कमजोर पड़ता देख अपराधियों ने पंकज कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस बीच एक गोली पंकज कुमार की उंगली में लगी और वह घायल हो गया। गोली की आवाज सुनते ही वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। इस बीच मौका मिलते ही अपराधी वहां से फरार हो गए।