जितिया पर गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब,
- फोटो : अमर उजाला
जीवित्पुत्रिका पर्व यानी जितिया व्रत के अवसर पर शुक्रवार को गंगा स्नान के लिए बक्सर के रामरेखा घाट पर श्रद्धालु महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बक्सर के अलावा आसपास के जिलों और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में महिलाएं रामरेखा घाट पहुंचीं। महिलाओं ने गंगा में स्नान कर भगवान सूर्य और गंगा की पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपनी संतान की लंबी आयु, सुख और समृद्धि की कामना की।
जितिया व्रत को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। व्रती महिलाओं ने निर्जला रहकर पूरे दिन उपवास रखा। स्नान और पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने सामूहिक रूप से जीवित्पुत्रिका व्रत की कथा सुनी। सुबह से ही रामरेखा घाट पर धार्मिक माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से घाट और आसपास के इलाकों में काफी चहल-पहल रही।
पढ़ें: सड़क के गड्ढे से हिला टैंकर, ढक्कन के पास से छलका केमिकल; कई वाहन चालकों को हुई परेशानी
गंगा में बाढ़ के कारण इस बार प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। नगर परिषद की ओर से घाट पर बैरिकेडिंग कराई गई थी, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी की ओर न जा सकें। पानी का स्तर बढ़ा होने के कारण घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया था।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से भी पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी घाट पर पहुंचने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के साथ महिलाओं से निर्धारित सुरक्षित स्थान पर ही स्नान करने की अपील कर रहे थे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी तैनात किया गया था।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गंगा के गहरे पानी में नहीं जाने और बैरिकेडिंग के बाहर स्नान नहीं करने की अपील की। सुरक्षा व्यवस्था के बीच महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ जितिया पर्व मनाया।