शिवहर जिले के पिपराही थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर गांव में शुक्रवार की देर रात एक नल-जल योजना के ठेकेदार की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान माधोपुर गांव निवासी किसान अरविंद सिंह के 26 वर्षीय पुत्र ऋषिकेश कुमार के रूप में की गई है। इस निर्मम हत्या के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
फोन पर बात कर रहे युवक को बुलाकर ले गया साथी
परिजनों के अनुसार, ऋषिकेश शुक्रवार रात खाना खाने के बाद अपने दरवाजे पर बैठकर अपनी बहन से फोन पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान गांव का ही युवक शिवम कुमार वहां पहुंचा और उसे बहाने से बांध की ओर ले गया। कुछ देर बाद रात करीब 11 बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब परिवार और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, तो देखा कि ऋषिकेश खून से लथपथ पड़ा हुआ है। गोली उसके सिर और चेहरे पर नजदीक से मारी गई थी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- Bihar Election: चिराग पासवान का बड़ा एलान, कहा- NDA की मजबूती के लिए मेरी पार्टी 243 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
हत्या के बाद से शिवम फरार, गांव में पसरा मातम
हत्या के बाद से शिवम कुमार फरार है, जिसे लेकर ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है। वहीं मृतक के घर कोहराम मच गया है। मां, पिता, भाई और बहन का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव के लोगों का कहना है कि ऋषिकेश एक होनहार युवक था और बीते छह सालों से नल-जल योजना के तहत ठेकेदारी कर रहा था। दो भाई और एक बहन में वह सबसे छोटा था। उसकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी, ऐसे में हत्या की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है।
पुलिस जांच में जुटी, जल्द गिरफ्तारी का दावा
घटना की सूचना मिलते ही पिपराही थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता और पूरनहिया थाना अध्यक्ष प्रेमजीत सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अब हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है और विभिन्न बिंदुओं से मामले की जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष सुबोध मेहता ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि बहुत जल्द हत्यारों को गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- Bihar: हैदराबाद से लौटा युवक, दोस्तों ने बुला लिया, फिर घर के बाहर मिला शव; परिजनों ने सड़क जाम कर किया हंगामा
गांव में दहशत, स्थानीय लोग हैं आक्रोशित
इस घटना के बाद माधोपुर गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अपराधी इस तरह खुलेआम युवाओं की हत्या करते रहेंगे, तो आम लोग कैसे सुरक्षित महसूस करेंगे। पुलिस प्रशासन से मांग की जा रही है कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।