मृतक सोनू कुमार, पत्नी ने दोस्तों पर लगाया जहर देकर हत्या करने का आरोप
- फोटो : अमर उजाला
घटना को लेकर मृतक की पत्नी ने बताया कि देर शाम सात बजे मेरे पति को बुलाने के लिए कुछ लोग आए थे। सोनू कुमार उन लोगों के साथ चले गए और काफी देर तक नहीं लौटे तो खोजबीन की गई। रात के एक बजे में यह जानकारी मिली कि सोनू का शव बरियारपुर थाना क्षेत्र में एक प्लाई वुड फैक्टरी में फेंका गया है। उसके बाद वहां जाकर पहचान की गई। उन्होंने कहा कि मेरे पति की हत्या की गई है। जो लोग मेरे घर पर आए थे उन लोगों द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है। मेरी ससुराल यानी सोनू का घर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के मरीचा गांव में है और शव बरियारपुर थाना क्षेत्र में मिला है।
वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों का भारी विरोध झेलना पड़ा। इस दौरान पुलिस टीम से जमकर कहासुनी हुई। काफी मशक्कत के बाद मृतक सोनू कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के लिए मेडिकल कॉलेज SKMCH में भेजा गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पूरे मामले में बरियारपुर थाना की एसएचओ चांदनी कुमारी सांवरिया ने बताया कि सोनू कुमार नाम के युवक के शव को बरामद किया गया है। प्रथम दृष्ट्या हत्या का मामला लग रहा है। परिजन का बयान लिया जा रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर के पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज में भेजा गया है।