फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: बेमौसम बारिश से में बागमती का जलस्तर बढ़ा, चचरी पुल बहा और पीपा पुल पर आवागमन ठप

Mon, 02 Nov 2026 02:22 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुज्जफरपुर

सार

बेमौसम बारिश से मुजफ्फरपुर में बागमती का जलस्तर बढ़ने से औराई-कटरा में जनजीवन प्रभावित है। मधुबन प्रताप में चचरी पुल बह गया, जबकि बकुची पीपा पुल पर आवागमन ठप है। पानी फैलने से धान की फसल को नुकसान पहुंचा है।

विज्ञापन
बागमती नदी उफनाई - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बेमौसम बारिश के कारण मुजफ्फरपुर जिले में बागमती नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इससे औराई और कटरा प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। शनिवार देर रात से रविवार दोपहर तक नदी के जलस्तर में करीब दो से ढाई फीट की वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, शाम के बाद जलस्तर स्थिर बताया जा रहा है। औराई के कटौझा में बागमती खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।

जलस्तर बढ़ने से औराई के मधुबन प्रताप में निर्माणाधीन चचरी पुल बह गया है। वहीं, कटरा के बकुची में बागमती नदी पर बने पीपा पुल के दोनों तरफ एप्रोच मार्ग पर पानी चढ़ने से वाहनों का परिचालन एक बार फिर ठप हो गया है। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं। बागमती का पानी अब गायघाट प्रखंड क्षेत्र में भी पहुंच गया है, जिससे फसलों को नुकसान हो रहा है।

विज्ञापन


पढे़ं: दिवाली और छठ पर पांच तारीख से पांच राज्यों के लिए चलेंगी 200 विशेष बसें, टिकट बुकिंग शुरू

गौरतलब है कि औराई के मधुबन प्रताप में इससे पहले आई बाढ़ में भी चचरी पुल ध्वस्त हो गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने आवागमन के लिए फिर से चचरी पुल बनाना शुरू किया था। करीब 150 फीट पुल का निर्माण हो चुका था, लेकिन अचानक जलस्तर बढ़ने से अर्धनिर्मित पुल बह गया।

इधर, अतरार में औराई-गरहां सड़क पुल निर्माण कंपनी की ओर से बागमती की दक्षिणी उपधारा में बनाए गए लोहे के अस्थायी पुल पर भी दबाव बढ़ गया है। इससे निर्माण कार्य फिर बाधित हो गया है। बागमती नदी का पानी कई जगह चौर में फैलने से तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

कटरा प्रखंड के बकुची में पीपा पुल के दोनों तरफ एप्रोच पथ पर पानी चढ़ने के बाद राहगीर जान जोखिम में डालकर पैदल पुल पार कर रहे हैं। पुल के उत्तरी हिस्से में पानी चढ़ने से करीब एक दर्जन पंचायतों के हजारों लोगों की आवाजाही बाधित हो गई है।

कटरा प्रखंड के बकुची निवासी राजेश भगत, मुकेश कुमार और श्याम महतो ने बताया कि अभी बाढ़ आने की कोई उम्मीद नहीं थी। पिछले साल भी अंत में आई बाढ़ से धान की फसल नष्ट हो गई थी और रबी की बुआई समय पर नहीं हो सकी थी। इस बार भी पानी बढ़ने से खेतों में पानी भर गया है और उनकी लगाई गई फसल डूब गई है। इससे भारी नुकसान हुआ है।

जलस्तर बढ़ने के बाद जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रशासन ने सभी अंचल अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। हालांकि, शाम से जलस्तर स्थिर होने के बाद ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें