बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सरकारी खाद्यान्न की अवैध अनलोडिंग और कालाबाजारी के मामले में लापरवाही बरतने पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने पानापुर ओपी अध्यक्ष अभिषेक कुमार मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया गया है। वहीं, जिला आसूचना इकाई में तैनात सब इंस्पेक्टर शिव शंकर सिंह को पानापुर ओपी की कमान सौंपी गई है।
दरअसल, पूरा मामला 13 अक्टूबर का है। कांटी प्रखंड स्थित सीएमआर गोदाम से टीपीडीएस गोदाम के लिए सरकारी चावल लेकर एक बड़ा ट्रक निकला था। यह ट्रक किशुन नगर ढाला स्थित गणपति धर्मकांटा के पास संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ा मिला। इसी दौरान ट्रक से चावल की बोरियां उतारकर पिकअप वाहन पर अवैध रूप से लोड की जा रही थीं।
पढे़ं: दिवाली और छठ पर पांच तारीख से पांच राज्यों के लिए चलेंगी 200 विशेष बसें, टिकट बुकिंग शुरू
वहां से गुजर रही गश्ती पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदेह के आधार पर दोनों वाहनों और उनके चालकों को हिरासत में लिया और पानापुर ओपी ले आई। मामला जिलाधिकारी कुमार गौरव तक पहुंचा। इसके बाद जिलाधिकारी के प्रतिवेदन और संयुक्त जांच टीम की रिपोर्ट में तत्कालीन ओपी अध्यक्ष की लापरवाही सामने आई।
बिना कानूनी कार्रवाई के छोड़ दिया पिकअप वाहन
जांच प्रतिवेदन में पाया गया कि तत्कालीन ओपी अध्यक्ष अभिषेक कुमार मिश्रा ने इस मामले में थाना दैनिकी में कोई वैध प्रविष्टि किए बिना और कानूनी कार्रवाई के बगैर पिकअप वाहन को छोड़ दिया था। इतना ही नहीं, सरकारी चावल से लदे जब्त ट्रक को थाने के सुरक्षित परिसर में रखने के बजाय मुख्य सड़क पर बिना किसी पहरे के लावारिस हालत में छोड़ दिया गया था। यह कार्रवाई सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और जब्ती से जुड़े निर्धारित दिशा-निर्देशों का खुला उल्लंघन मानी गई।
जिलाधिकारी की ओर से सौंपी गई विस्तृत जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने मामले को गंभीर अनुशासनहीनता और कर्तव्यहीनता मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया। इसके साथ ही तत्कालीन ओपी अध्यक्ष अभिषेक कुमार मिश्रा के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने का निर्देश भी दिया गया है।