सार
Bihar: तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि साल 2005 के पहले ऐसी घटनाएं कभी नहीं होती थीं। अब यह एक खतरनाक प्रचलन बन गया है। जब देश के बड़े नेता को दलितों से मिलने के लिए एफआईआर का सामना करना पड़े, तो यह लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है।
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था और सरकार की कार्यशैली पर तीखा हमला बोला है। मुजफ्फरपुर के क्लब परिसर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में एक इंजन अपराध में लगा है, जबकि दूसरा भ्रष्टाचार में। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि अब उनसे बिहार नहीं संभल रहा, मानो वे अचेत अवस्था में चले गए हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है। राज्य में ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब हत्या, लूट, बलात्कार या डकैती की घटना न होती हो। खासकर मुजफ्फरपुर अपराध का केंद्र बन चुका है और सरकार तमाशबीन बनी हुई है। उन्होंने आगे कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार सिर्फ मलाई खाने में लगी है। एक इंजन अपराध को बढ़ावा दे रहा है तो दूसरा भ्रष्टाचार में डूबा है। इन लोगों से अब बिहार नहीं चल रहा, फिर भी कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं हैं।
पढ़ें: रिश्तेदारी से लौट रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत, भगवानपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा के पास हुई घटना
डिप्टी सीएम पर भी बोला हमला
तेजस्वी यादव ने बीजेपी के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा पर भी तीखा तंज कसते हुए कहा कि डिप्टी सीएम की अपनी ही पार्टी में कोई हैसियत नहीं है। उनके निर्देशों और बयानों का कोई असर नहीं होता। बीजेपी में भी उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता। दरभंगा में राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर को लेकर भी तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के बड़े विपक्षी नेता के खिलाफ केवल इसलिए एफआईआर की गई, क्योंकि उन्होंने दलित और महादलित छात्रों से संवाद किया। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और सरकार की मानसिकता को दर्शाता है।