सीवान के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव के समीप रविवार की दोपहर एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामपुर लोहा गांव निवासी मदन बाजपुर के 35 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र बसपुर के रूप में की गई है।
परिजनों के अनुसार, वीरेंद्र एक रिश्तेदार के यहाँ साड़ी समारोह में शामिल होने गए थे। रविवार की दोपहर वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी इंदिरा गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पढ़ें: बाइक व जेसीबी की टक्कर में बाइक बनी आग का गोला, घटना में युवक की हुई दर्दनाक मौत
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए भगवानपुर पीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। आवश्यक कागजी प्रक्रिया के बाद शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।
मौत से परिवार में कोहराम
वीरेंद्र दो भाइयों में बड़ा था और बस चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उनके एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। घटना के बाद परिजनों और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है। इस संबंध में भगवानपुर हाट थाना प्रभारी सुजीत कुमार चौधरी ने बताया कि एक व्यक्ति सड़क हादसे में घायल हुआ था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है, लेकिन पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।