मामले की छानबीन करने मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पांच अपराधियों ने बैंक में घुस कर लूटपाट का प्रयास किया। इस दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने बैंक के गार्ड को गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। वहीं, अपराध गार्ड का हथियार लूटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई। यह पूरी घटना कांटी थाना क्षेत्र के कांटी बाजार का है।
जानकारी के मुताबिक, कांटी थाना क्षेत्र के कांटी चौक के पास फ्लाइओवर के पास में 5 हथियारबंद बदमाश PNB की एक शाखा में घुस गए। इसके बाद अपराधियों ने लूट के इरादे से वहां तांडव मचाना शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद गार्ड ने जब इसका विरोध किया तो उसके हथियार को लूट लिया और उसे गोली मार दी। इस घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बैंक में हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना कांटी थाना क्षेत्र के कांटी एनएच 28 फोर लेन के किनारे की बताई जा रही है। हालांकि घटना में हुई लूट असफल होने के बाद सभी अपराधी फरार हो गए। इस दौरान गार्ड ने दिलेरी दिखाकर बैंक को लूटपाट से बचा लिया।
वहीं, मौके पर पहुंचे DSP वेस्ट अभिषेक आनंद, एएसपी टाउन भानु प्रताप, सिटी एसपी अरविंद प्रताप सिंह, कांटी थाना और DIU की टीम मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई और लुटेरे को पकड़े जाने में जुटी हुई है। घायल गार्ड को इलाज के लिए SKMCH में भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मामले में DSP वेस्ट अभिषेक आनंद ने बताया कि पीएनबी की एक शाखा को लूटपाट करने के लिए कुछ आधा दर्जन की संख्या में अपराधी आए थे। लूटपाट के विरोध के दौरान एक गार्ड को गोली मारी गई है। इसके साथ ही उसके हथियार को लूट लिया गया है। घटना को लेकर SIT का गठन किया गया है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और अपराधी पकड़े जाएंगे। फिलहाल घायल गार्ड का इलाज कराया जा रहा है। इस मामले में जल्द ही सभी पकड़े जाएंगे।