बिहार के सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी क्षेत्र में एक महिला की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। घटना जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बाचोपट्टी नरहा पंचायत टोले के बाबू नरहा गांव की है। मृत महिला की पहचान रामाधार महतो की पत्नी रामकली देवी (23) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि रामकली देवी के सास और ससुर सीतामढ़ी सदर अस्पताल में अपना इलाज कराने गए थे। इस दौरान वह घर में अकेली थी। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सास-ससुर को संदिग्ध परिस्थिति में मिला शव
जानकारी के मुताबिक, जब रामकली देवी के सास और ससुर सीतामढ़ी से इलाज कराकर घर लौटे तो उन्होंने एक कमरे में महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। उसके बाद इस घटना की सूचना स्थानीय बाजपट्टी थाना पुलिस को दी गई।
'आत्महत्या की घटना लग रही है यह'
घटना को लेकर थानाध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों के द्वारा कोई भी लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस ने कहा कि अगर कोई आवेदन मिलेगा तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अभी तक किसी तरीके का कोई आरोप नहीं लगाया गया है, जिससे आत्महत्या की घटना लग रही है। बताया जा रहा है कि मृतका का पति हैदराबाद में रहता है। वहीं, मायके वालों की उपस्थिति में गांव में मृतका का दाह संस्कार किया गया। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि देवन राय पूर्व मुखिया किशुन प्रसाद चंद्रवंशी, वार्ड सदस्य कृष्ण कुमार और समाजसेवी सुमन कुमार सोनू निगम सहित अनेकों लोग वहां मौजूद रहे।