Push and Shove: ढाका थाना क्षेत्र स्थित ढाका नगर परिषद के मोहब्बतपुर मोहल्ला में टमाटर तोड़ने को लेकर दो लोगों के बीच हुए विवाद के दौरान हुई धक्का-मुक्की के दौरान अचानक जमीन पर गिर जाने के कारण हाफिज (85) की मौत हो गई।
मोतिहारी में ढाका थाना क्षेत्र स्थित ढाका नगर परिषद के मोहब्बतपुर मोहल्ला में टमाटर तोड़ने को लेकर दो लोगों के बीच हुए विवाद के दौरान हुई धक्का-मुक्की के दौरान अचानक जमीन पर गिर जाने के कारण हाफिज (85) की मौत हो गई। हाफिज के मौत की सूचना पूरे शहर में तेजी से फैली। घटना की सूचना मिलने के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोतिहारी भेजा।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, मोहब्बतपुर बड़ी मस्जिद के समीप अपनी जमीन पर हाफिज ने टमाटर लगाया था। पिछले कई दिनों से उनकी जमीन पर लगे टमाटर की चोरी हो रही थी। इस बीच शनिवार को चोरी की घटना को लेकर हाफिज बोल रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी सरफराज से हाफिज की बहस होने लगी। बहस देखते-देखते तीखी नोक-झोंक में परिवर्तित हो गई। अभी लोग कुछ समझ पाते कि दोनों के बीच देखते ही देखते धक्का-मुक्की होने लगी।
धक्का-मुक्की के दौरान 85 साल के हाफिज मौके पर ही गिर गए। उनके नाक से खून आने लगा। घटना की जानकारी होने के साथ स्वजन मौके पर पहुंचे और गंभीर स्थिति में जख्मी को ढाका के ही एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए लेकर पहुंचे। अस्पताल जाने के साथ चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि गिरने के कारण वृद्ध के सिर में चोट लगने के कारण नाक से अत्यधिक रक्तश्राव हुआ। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।