SIT गोसाईपुर डुमरा में 2024-28 सत्र के लिए 15 जून तक होगा नामांकन
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के सीतामढ़ी इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एसआईटी) गोसाईपुर डुमरा में सत्र 2024-28 का नामांकन आगामी 15 जून तक होगा। इस सत्र के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि बिहार में हर वर्ष सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में नामांकन के लिए दो तरह की प्रक्रिया होती हैं। पहले तरीके में छात्र के जेईई मेंस के स्कोर पर उनकी काउंसलिंग की जाती है। उसके लिए उन्हें बीसीईसीई की वेबसाइट पर जाकर यूजीईएसी के सेक्शन में फॉर्म भरना होता है। जो प्रक्रिया वर्तमान समय में चल रही है। जेईई मेंस के बेसिस पर फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 15 जून बताई गई है।
खास बात यह है कि वैसे बच्चे जो किसी कारण से जेईई मेंस एग्जाम नहीं दे पाए हैं और वह चाहते हैं कि इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला लें तो उन्हें बीसीईसीई द्वारा आयोजित परीक्षा में बैठकर भी बिहार के इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश पा सकते हैं। इसकी जानकारी देते हुए एसआईटी के नामांकन प्रभारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि बीसीईसीई द्वारा आयोजित परीक्षा के फॉर्म भरने की तिथि 30 मई तक विस्तारित किया गया है। वैसे बच्चे जो संस्थान में प्रवेश पाना चाहते हैं वो फॉर्म भर सकते हैं।
नामांकन प्रभारी ने कहा कि एसआईटी में बीटेक कोर्स के तहत कुल छह शाखाओं में कुल 360 सीटें स्वीकृत हैं। प्रत्येक शाखा में 60-60 सीटे हैं। उन्होंने बताया कि संस्थान में कंप्यूटर साइंस, कंप्यूटर साइंस (एआई एमएल), सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई होती है।