मतगणना की सभी तैयारियां हुई पूरी
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव के पांचवें और छठे चरण के तहत मुजफ्फरपुर और वैशाली लोकसभा में हुए मतदान के लिए बाजार समिति स्थित मतगणना केंद्र पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसको लेकर के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और एसएसपी राकेश कुमार ने निरीक्षण किया। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के मानक एवं दिशानिर्देश के अनुरूप पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना का कार्य संपन्न करने का निर्देश दिया।
दरअसल, चार जून को होने वाले जिले के दो लोकसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए अंतिम रूप में कर्मियों का प्रशिक्षण चल रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी और एसएसपी ने इसे लेकर के यहां सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र के मतगणना कक्ष के अंदर और बाहर की सभी आवश्यक व्यवस्था संबंधित पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही राज्य के सभी मतगणना केंद्रों पर तकनीकी सहयोग को लेकर भी अभियंताओं की तैनाती कर दी गई है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत सेन ने बताया कि अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इससे जुड़े हुए सभी संबंधित जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को अवगत करा दिया है। अब चार जून को मतगणना की तिथि निर्धारित है। इसके साथ ही इससे पहले सभी संबंधित अभियंता अपने-अपने कार्यस्थल पर योगदान दें, यह भी सुनिश्चित करें कि केंद्र पर समन्वय बनाने में कोई परेशानी न हो। इसको लेकर यहां के प्रत्येक केंद्रों पर एक-एक अभियंताओं की तैनाती की गई है। इस दौरान चुनाव आयोग के निर्देश पर मतगणना केंद्रों से भी लाइव वेब कास्टिंग की सुविधा दी गई है, जिसे टेक्निकल टीम भी देख करेगी। इसके अलावा अगर कोई तकनीकी खराबी सामने आती है तो अभियंताओं द्वारा इनकी लगातार मॉनिटरिंग करते हुए इसका निराकरण किया जाएगा।
गौरतलब है कि अहियापुर में स्थित बाजार समिति में जिले के दो लोकसभा क्षेत्र मुजफ्फरपुर के साथ वैशाली के लिए मतगणना के दिन पर्याप्त संख्या में वहां पर दंडाधिकारी और पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ-साथ ही ईवीएम की देख-रेख और सुरक्षा के लिए अर्ध सैनिक बल के जवान, सीआईएसएफ और आरएसएसबी के जवान तैनात हैं। इसके साथ ही मतगणना स्थल की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है। वहीं, मतगणना के दिन में किन-किन पुलिस पदाधिकारी की कहां पर प्रतिनियुक्ति की जाएगी, इसे लेकर एसडीएम पूर्वी अमित कुमार को निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है कि कहां-कहां पर दंडाधिकारियों की तैनाती होगी, कहां पर बैरिकेडिंग की जाएगी और कितने की संख्या में इनकी तैनाती की जाएगी।