मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं
- फोटो : अमर उजाला
मोतिहारी में एक डीलर के बेटे का राशन कार्ड की केवाईसी करने के नाम पर पैसा मांगने का वीडियो सामने आया है। उक्त वीडियो में डीलर पुत्र खुद के लिए पैसा तो मांग ही रहा है। साथ ही दूसरी तरफ कौन डीलर कितना पैसा मांग रहा और कहां-कहां पैसा लग रहा है, इसकी भी जानकारी दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अधिकारी ने जांच करने की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक, वीडियो में दिख रहे डीलर पुत्र की पहचान पताही प्रखंड क्षेत्र में बड़ाशंकर पंचायत के कल्याणपुर गांव के जनवितरण प्रणाली के दुकानदार नंदकिशोर सिंह के बेटे विजय सिंह के रूप में हुई है। युवक वीडियो में कह रहा है कि केवल 50 रुपये ही लेंगे, बिना पैसा आपका केवाईसी नहीं बनाएंगे। प्रखंड के सभी डीलर पैसे ले रहे हैं, इसलिए हम भी लेंगे। आप आधार कार्ड और वृद्धा पेंशन का केवाईसी कराने जाइएगा तो वहां भी पैसा लेगा, वहां तो आप कुछ नहीं बोलते हैं। जब तक पैसा नहीं दीजिएगा, तब तक आपका केवाईसी नहीं होगा।
वहीं, जब ग्राहक द्वारा पूछा गया कि आखिर कैसे पता चलेगा कि मेरा केवाईसी हो गया है। इस सवाल पर डीलर पुत्र ने कहा कि जैसे हम पॉस मशीन में एंट्री करेंगे, वैसे ही मशीन लिखेगी केवाईसी सक्सेसफुल। आप इसका फोटो ले लीजिएगा। इस मामले के सामने आने के बाद डीलर और डीलर पुत्र ने फोन पर कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। पकड़ीदयाल एसडीपी से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि केवाईसी के नाम पर पैसे मांगने की जानकारी मिली है, एमओ से इसकी जांच करा रहे हैं। उसके बाद कोई कार्रवाई की जाएगी।