बिहार के बेतिया में संदिग्ध स्थिति में एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक एक होटल में काम करता था। घटना जिले के मुफस्सिल थाना के पास की है। घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज बेतिया भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई। मृतक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के मंगलहिया गांव निवासी हरेंद्र साह का बेटा वशिष्ठ कुमार (19) के रूप में की गई है।
मृतक के पिता हरेंद्र साह ने बताया कि उनके पांच बेटे हैं, जिनमें वशिष्ठ दूसरे नंबर पर था। पिछले सात महीने से बेतिया मुफस्सिल थाने के सामने होटल में काम करता था। घटना की सूचना फोन से मिली है। जबकि मुफस्सिल थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आवेदन मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।
वहीं, होटल मालिक जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतिदिन की तरह वशिष्ठ खाना खाकर सोने चला गया। सुबह जगाने पर पता चला कि उसकी मौत हुई है। चीखने-चिल्लाने पर मुफस्सिल थाने के चौकीदार पहुंचे। इसके बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। हालांकि उसकी मौत कैसे हुई है, कुछ भी कहना संभव नहीं है।