नाबालिग के साथ गैंगरेप (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : सोशल मीडिया
बिहार के मुजफ्फरपुर में एक युवक ने दोस्तों के साथ मिलकर नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। युवक ने फेसबुक के जरिए पहले तो नाबालिग से दोस्ती की। उसके बाद शादी करने का झांसा देकर अपने पांच-छह दोस्तों के साथ मिलकर नाबालिग के साथ गैंगरेप कर लिया। आरोपियों के कब्जे से छूटने के बाद उसने अपनी मां के साथ नगर थाने पर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। सरैया इलाके के रहने वाले एक नामजद व उसके पांच-छह दोस्तों पर केस दर्ज किया गया।
अपर थानेदार ओमप्रकाश के आदेश पर पुलिस पदाधिकारी ने पीड़िता का बयान दर्ज किया। पुलिस को दिए आवेदन में पीड़िता की मां ने बताया कि बीते नौ जुलाई की रात करीब दस बजे मेरी नाबालिग पुत्री का अपहरण कर लिया गया। घटना के वक्त मेरी पुत्री घर पर सो रही थी। तभी हमारे घर पर सरैया थाना क्षेत्र के सिसबनिया गांव निवासी सत्यानंद अपने पांच-छह दोस्तों के साथ घर पर आया और मारपीट कर पुत्री को जबरन अपहरण कर ले गया। इसकी शिकायत नगर थाने में की गई थी। लेकिन पुलिस ने कोई दिलचस्पी नही दिखाई। वहीं बीते पांच अगस्त को रात करीब आठ बजे रात में मेरे मोबाइल पर सत्यानंद ने फोन कर कहा कि आपकी पुत्री सरैया चौक पर है आकर ले जाइए। इसके बाद उन्होंने स्थानीय कुछ लोगो के साथ वहां जाकर बच्ची को घर लेकर आई। पूछताछ करने पर उसने बताया कि आरोपी सत्यानंद व उसके दोस्तों ने मेरे साथ कई बार गलत काम किया है।
मैसेंजर के जरिए नाबालिग से दोस्ती
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि फेसबुक पर सत्यानंद से जान पहचान हुई थी। मैसेंजर पर बातचीत के दौरान सत्यानंद ने बहला फुसलाकर मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद लगातार फोन पर बातचीत होने लगी। इस दौरान सत्यानंद उसके घर के पास कई बार मिलने भी आया। जब भी वह आता था तो भगाकर ले जाने का प्रयास करता था। लेकिन वह तैयार नही थी। बीते नौ जुलाई को सत्यानंद अपने दोस्तों के साथ घर आया था। जबरन मुझे अपने साथ कहीं ग्रामीण क्षेत्र में ले गए। जहां सिर्फ एक झोपड़ी व खेत-खलिहान था। वहीं रखकर सत्यानंद व उसके दोस्त ने लगातार कई बार गलत काम किया। फिर शनिवार को एक चौक पर लाकर छोड़ दिया।
पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि उसकी चार बेटियां है। दो की शादी हो गई है। जबकि दो बच्ची लकड़ी ढाही इलाके में किराये के मकान में रहकर चॉकलेट फैक्ट्री में काम करती है। पीड़िता तीसरे नंबर की बेटी है। घटना के संबंध में पीड़िता की मां ने बताया वह दोनों बेटियों को लेकर पति से अलग रहती है। पति भी अक्सर शराब पीकर मारपीट करता था।