आरोपी को पकड़कर ले जाते गांव वाले।
- फोटो : अमर उजाला
बरियारपुर थाना क्षेत्र के अखाड़ा टोला रतनपुर में एक शराबी ने मंदिर में बजरंगबली की मूर्ति तोड़ दी। घटना की सूचना मिलते ही बरियारपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पूछताछ में लोगों ने बताया कि मूर्ति तोड़ने वाला जुगल पासवान का पुत्र छोटू पासवान है। छोटू पासवान के घर सहित आसपास खोजबीन की गई परंतु वह कहीं भी नहीं मिला। उसके बाद पुलिस वापस आ गई। पुलिस के जाते ही आरोपी छोटू पासवान बजरंगबली मंदिर में गया और फिर से मूर्ति को तोड़ने लगा।
इस बाद उप सरपंच मुकेश कुमार यादव और पंच सदस्य अविनाश कुमार सोरेन ने उसे पकड़ लिया और बरियारपुर पुलिस को फोन किया। पुलिस दोबारा घटनास्थल पहुंची और आरोपी को पकड़ कर ले गई। आरोपी को मेडिकल जांच करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरियारपुर ले जाया गया।
बता दें कि बजरंगबली की मूर्ति काशी से मंगाकर मंदिर में स्थापित की गई थी। एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि छोटू कुमार पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार छोटू ने पूछताछ में बताया कि दोस्तों से विवाद हुआ था इस वजह से नशे की हालत में उसने हनुमान जी की प्रतिमा को खंडित कर दिया।