कसभा चुनाव के मद्देनजर अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' सोमवार को बिहार के खगड़िया लोकसभा क्षेत्र में पहुंचा। यहां सुबह चाय पर चर्चा में आम मतदाताओं के मुद्दे जाने गए। दोपहर में युवाओं से चर्चा में लोकसभा क्षेत्र के उनके मुद्दों को समझने की कोशिश की गई। अब नेताओं से उनके एजेंडे और जनता के मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
प्रत्याशी के बाहरी होने पर जदयू का जवाब
खगड़िया के राजेंद्र चौक पर अमर उजाला से बातचीत में प्रत्याशी राजेश वर्मा को बाहरी बताए जाने पर जदयू नेता बबलू मंडल ने कहा कि वह कोई बाहरी नहीं हैं। वह हिंदुस्तान के नागरिक हैं, भारतीय हैं। देश के प्रधानमंत्री जो गुजरात से आते हैं और बनारस से चुनाव लड़ते हैं, हमारे खगड़िया के बेटे रामविलास जी हाजीपुर से चुनाव लड़ते रहे। यह लोकतंत्र की खूबसूरती है कि हम भारतीय हैं, कहीं से भी चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने दावा कर कहा कि चुनाव में लोग चुनते हैं काम की बदौलत, विकास की बदौलत, जो हमारे देश के अंदर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। बिहार के अंदर विकास पुरुष मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने काम किया। उन दोनों के काम को लेकर हम चुनावी मैदान में हैं।
'सिर्फ यह लोग विकास कह रहे'
वहीं, राजद नेता चंद्रशेखर कुमार ने विकास के नाम पर एनडीए को वोट मिलने के दावे पर कहा कि सिर्फ यह लोग (एनडीए) विकास कह रहे। आम जनता की इस समय सोच ये है कि दस साल से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार है, अभी चुनाव में गारंटी में गारंटी बांट रहे हैं। दस साल पहले इन्होंने जनता को गारंटी दी थी दो करोड़ बेरोजगार युवाओं को नौकरी देने की, वह गारंटी कहां गई? बोले थे कि महंगाई कम करेंगे, गैस सिलेंडर का दाम दस साल पहले साढ़े तीन सौ रुपये का था जो अब 12 सौ का कर दिया, वह गारंटी कहां गई?
'किसान विरोधी है यह सरकार'
उन्होने कहा कि केंद्र द्वारा काला कानून लाया गया था जिसके विरोध में देश के 80 प्रतिशत किसान दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे थे, तब हजारों किसानों की मौत हो गई थी। यहां तक कि किसानों को मंत्री के बेटे ने गाड़ियों से कुचलने का काम किया। उन्होंने कहा कि यह किसान विरोधी सरकार है। इसने देश के 80 प्रतिशत किसानों के लिए क्या किया? 60 प्रतिशत बेरोजगार युवाओं के लिए क्या किया? उन्होंने कहा कि कोई गारंटी नहीं चलने वाली मोदीजी की। दस साल में पूरे देश में कुछ नहीं हुआ तो खगड़िया में क्या होना है, कुछ नहीं हुआ।
'हर जगह विकास का ही माहौल है'
भाजपा नेता अंकित सिंह चंदेल ने कहा कि साल 2014 से प्रधानमंत्री मोदी ने देश की कमान संभाली थी, तब से देश में हर जगह विकास ही विकास का माहौल है। अगर कोई प्रोपेगैंडा फैलाने का काम कर रहा है कि विकास के नाम पर प्रधानमंत्री मोदी जीरो पर आउट हो गए हैं, यह सरासर गलत है। अंकित ने दावा करते हुए कहा कि देश की 140 करोड़ की जनता के दिल में बसने वाले हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी हैं। उन्होंने सिर्फ विकास के रास्ते पर चुनाव किया है और देश में हर गरीब तबके को मदद पहुंचाने का काम किया है।