केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को कहा कि लालू यादव आगामी चुनाव में चाहें माय समीकरण बना लें या बाप समीकरण, इससे कुछ नहीं होने वाला नहीं है। पूरे भारतवर्ष की जनता का लगाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ चुका है और आगे भी जुड़ा रहेगा। केंद्रीय मंत्री ने यह बातें तब कहीं जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि जातीय जनगणना का मुद्दा एक बार फिर नई सरकार बनने के बाद उठा है। ऐसे में क्या यह कयास लगाए जा सकते हैं कि लालू और तेजस्वी यादव द्वारा आगामी चुनाव में एक बार फिर माय (मुस्लिम-यादव) समीकरण पर जोर दिया जाएगा।
बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य कांग्रेसियों द्वारा राहुल गांधी को प्रमोट करने के लिए कोशिश की जा रही है। लेकिन यह लोग राहुल गांधी को प्रमोट करने में सफल नहीं हो रहे हैं और फ्रस्ट्रेशन के शिकार हैं। इसी वजह से मोदी पर लगातार अनाप-शनाप बयान देने से बाज नहीं आ रहे हैं।
गिरिराज ने कहा कि जहां तक मोदी की गारंटी का सवाल है तो इनको समझना चाहिए कि अगर पूरे भारतवर्ष में गरीबों के बीच शौचालय पहुंचा तो यह मोदी की गारंटी थी। अगर गैस सिलेंडर पहुंचा तो मोदी की गारंटी थी और विकास के जितने भी काम किए गए हैं, वे सभी मोदी की ही गारंटी हैं। आगे भी लोगों को विश्वास है कि मोदी है तो मुमकिन है। यही मोदी की सबसे बड़ी गारंटी है।