पुलिस की गिरफ्त में आरोपी युवक
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेगूसराय में एक बार फिर भीड़ का क्रूर चेहरा देखने मिला। जहां बाइक चोरी के आरोप में लोगों ने एक युवक को पड़कर हाथ-पैर बांधकर लाठी-डंडे और लात-घूसों से बेरहमी से पीट दिया। युवक लगातार रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन लोगों ने एक नहीं सुनी और उसकी जमकर पिटाई करते रहे। यह मामला नगर थाना क्षेत्र के कचहरी रोड स्थित जिला परिषद मार्केट का है।
जानकारी के मुताबिक, जिला परिषद मार्केट में रविवार (23 जून) की रात एक युवक बाइक चोरी करने की कोशिश कर रहा था। वह एक के बाद एक कई मोटरसाइकिलों में चाभी लगाकर खोलने की कोशिश कर रहा था। इस घटना को वहां मौजूद लोगों ने देख लिया तो वह भागने की कोशिश करने लगा। इसके बाद लोगों ने काफी दूर पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया। उसके बाद भीड़ ने पहले उसके हाथ-पैर बांधे और फिर बेरहमी से उसकी पिटाई शुरू कर दी। भीड़ में से ही किसी ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को भीड़ से बचाया। कहा जा रहा है कि अगर पुलिस थोड़ी देर और न आती तो भीड़ उसको पीट-पीट कर जान ले लेती।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लोगों में गुस्सा इस बात को लेकर था कि शहर में आए दिन बाइक चोरी की घटना हो रही थी और चोर पकड़ में नहीं आ रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ दिन पहले भी इसी युवक ने शहर में दो जगह से बाइक की चोरी की थी, जिसका फोटो भी सामने आया था। उससे युवक की पहचान कर लोगों ने उसकी बेहरमी से पिटाई शुरू कर दी। फिलहाल आरोपी जिस व्यक्ति की बाइक चोरी करने का प्रयास कर रहा था, उस व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। लिखित आवेदन मिलने पर पुलिस ने भी आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस युवक द्वारा बाइक में चाभी लगाकर चोरी की जा रही थी, जिसे रंग हाथ पकड़ा गया है और पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि चोरी के आरोप में एक युवक के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।