बिहार के औरंगाबाद जिले में पंचायत चुनाव में एक मुखिया उम्मीदवार ने उसके पक्ष में वोट न देने पर कुछ लोगों के खिलाफ बेहद शर्मनाक कदम उठाया है। आरोपी ने महादलित समुदाय के दो युवकों से उठक-बैठक करवाई और इतने से मन नहीं भरा तो थूक भी चटवाया। इस घटना का वीडियो वायपल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
यह शर्मनाक घटना जिले के अंबा थाना क्षेत्र के तहत आने वाली डुमरी पंचायत के खरांटी गोला भुइयां बिगहा का है। यहां के पंचायत चुनाव में मुखिया के पद पर एक उम्मीदवार बलवंत कुमार था, जिसने इस अमानवीय घटना को अंजाम दिया। वहीं दोनों पीड़ितों की पहचान अनिल कुमार भुइयां और मंजीत भुइयां के रूप में हुई है। फिलहाव बलवंत कुमार पुलिस की गिरफ्त में है।
प्रत्याशी ने खारिज किए आरोप, युवकों पर ही लगाया इल्जाम
आरोपी बलवंत कुमार इसी पंचायत में आने वाले सिंघना गांव का रहने वाला है। अंबा पुलिस थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार के अनुसार मंजीत भुइयां के बयान पर एफआईआर दर्ज की गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। उधर, आरोपी मुखिया प्रत्याशी ने इन आरोपों से इनकार किया है। उल्टे उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा है कि दोनों युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे।
वायरल हुए वीडियो में आरोपी को बार-बार गाली-गलौज करते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान उन्होंने कई आपत्तिजनक शब्दों और अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया। वीडियो के अनुसार आरोपी उम्मीदवार यह कहते हुए अभद्रता करता है कि चुनाव में हजारों रुपये की शराब पी गए और समय आने पर वोट भी नहीं दिया। पुलिस अब इस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।