बिहार में कोरोना वैक्सीन की 12 डोज लेने का दावा करने वाले 84 साल के बुजुर्ग ब्रह्मदेव मंडल के घर पर पुलिस ने सोमवार को छापा मारा, लेकिन वो घर में नहीं मिले। परिवार वालों का आरोप है कि पुलिसकर्मी दरवाजा तोड़कर घर में जबरन घुस गए।
पत्नी ने कहा, पुलिस के डर से हम सब परेशान
ब्रह्मदेव मंडल की पत्नी निर्मला देवी ने कहा कि पुलिस के डर से मेरे पति और हम सब परेशान हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना का टीका लेने के बाद पति के स्वास्थ्य में काफी सुधार हुआ, जिसके कारण उन्होंने लगातार वैक्सीन लगवाई।पत्नी ने कहा कि अपने स्वास्थ्य के लिए सोचना कोई अपराध है क्या? वो कोई अपराधी नहीं हैं, फिर भी उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है।
वहीं, पड़ोसियों का कहना है कि जिस तरह से पुलिस ने रात में छापेमारी की है, वह ठीक नहीं है। वह कोई अपराधी नहीं हैं। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि ब्रह्मदेव के खिलाफ धोखेबाजी, संपत्ति नष्ट करने और सरकारी आदेशों की अवहेलना का केस दर्ज किया गया है।
केस दर्ज होने के बाद ब्रह्मदेव मंडल ने कहा कि वैक्सीनेशन से मुझे फायदा हुआ है, इसलिए बार-बार वैक्सीन ली। इसमें स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही है, जिसने बिना जांच के 12 बार वैक्सीन दी। अपनी लापरवाही को छिपाने के लिए ही मेरे ऊपर केस दर्ज किया है।