फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: 'सॉरी मम्मी-पापा', लव मैरिज के एक घंटे बाद प्रेमी जोड़े ने खाया जहर; युवक की मौत, वेंटिलेटर पर दुल्हन

Sat, 16 May 2026 04:13 PM IST
भागलपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भागलपुर

सार

भागलपुर में प्रेम विवाह के महज एक घंटे बाद एक नवविवाहित जोड़े ने जहर खा लिया। खुदकुशी से पहले युवक ने 'सॉरी मम्मी-पापा' कहते हुए एक भावुक वीडियो बनाकर परिजनों को भेजा था। इलाज के दौरान जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (JLNMCH) में लड़के की मौत हो गई, जबकि लड़की की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
विज्ञापन
युवक की मौत - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भागलपुर जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक प्रेमी जोड़े ने भागकर प्रेम विवाह तो कर लिया, लेकिन शादी की खुशियां चंद मिनट भी नहीं टिक सकीं। शादी के महज एक घंटे बाद ही नवविवाहित जोड़े ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की। जहर का असर होने के बाद दोनों को गंभीर हालत में भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं, नवविवाहिता दुल्हन अस्पताल के फैब्रिकेटेड वार्ड में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
विज्ञापन


'आप लोगों ने शादी नहीं कराई, इसलिए कोई रास्ता नहीं बचा'
इस आत्मघाती कदम को उठाने से ठीक पहले युवक ने अपने मोबाइल से एक बेहद भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया और अपनी मां के व्हाट्सएप पर भेज दिया। वीडियो में युवक ने रोते हुए कहा- सॉरी मम्मी-पापा, हम लोग एक बहुत गलत कदम उठाने जा रहे हैं। आप लोगों ने हमारी शादी नहीं करवाई, इसलिए हमारे पास अब कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा था। लड़की के घर वाले धमकी दे रहे थे कि अगर शादी की तो जान से मार देंगे। इसलिए उनके हाथों मरने से अच्छा है कि हम खुद ही मर जा रहे हैं। हमसे जो भी गलतियां हुईं, उसके लिए हमें माफ कर दीजिएगा... सॉरी।"

डेढ़ साल का प्यार 
यह पूरी घटना कहलगांव थाना क्षेत्र के शिवकुमारी पहाड़ मोहल्ले की है, जो शुक्रवार शाम करीब चार बजे घटित हुई। बताया जाता है कि मृतक युवक लक्ष्मीकांत कुमार (20 वर्ष), जो अमदंडा थाना क्षेत्र के अदलपुर निवासी सुभाष सिंह का पुत्र था, उसका पिछले डेढ़ साल से बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र स्थित जबरा गांव निवासी कुलदीप मंडल की पुत्री अमृता कुमारी (18 वर्ष) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। अमृता अपने नाना नित्यानंद सिंह के घर अदलपुर में रहकर पढ़ाई करती थी, इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं।
विज्ञापन


लड़की के परिजनों ने फोन करके दी मारने की धमकी
शुक्रवार को दोनों ने हर हाल में एक-दूसरे का होने का फैसला किया। लक्ष्मीकांत ने अमृता को कहलगांव स्थित अपने एक कमरे में बुलाया, जहां दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से एक-दूसरे को जयमाला पहनाकर शादी कर ली, लेकिन जैसे ही लड़की के परिजनों को इस शादी की भनक लगी, उन्होंने फोन पर दोनों को जान से मारने की सीधी धमकी दे डाली। इस धमकी से दोनों बुरी तरह खौफजदा हो गए। बदनामी और मौत के डर से युवक तुरंत बाजार से सल्फास (जहर) खरीद कर लाया और दोनों ने उसे खा लिया।

पिता का रो-रोकर बुरा हाल
अस्पताल के बेड पर जिंदगी के लिए जूझ रही अमृता कुमारी ने बताया, "हम दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करते थे और साथ जीना चाहते थे। लेकिन मेरे माता-पिता लगातार कह रहे थे कि अगर शादी की तो जान से मार डालेंगे। इसी डर के मारे हम दोनों ने जहर खा लिया। दूसरी ओर, मृतक लक्ष्मीकांत के पिता सुभाष सिंह, जो कपड़ा फेरी का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, बेटे की मौत की खबर सुनकर पूरी तरह टूट चुके हैं। उन्होंने रोते हुए कहा- हमें चार महीने पहले से दोनों के अफेयर की जानकारी थी। लेकिन यह अंदाजा नहीं था कि मेरा बेटा इतना खौफनाक कदम उठा लेगा। अगर बेटा शादी करके सीधे घर आ जाता, तो हम दोनों को सहर्ष स्वीकार कर लेते, उन्हें कभी मरने नहीं देते। घटना के बाद से मृतक की मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें-  Bihar News: दुकान पर बैठे ग्रेजुएशन के छात्र को युवक ने मारा चाकू, खून से लथपथ हालत में डीएमसीएच में भर्ती

अस्पताल ले जाने के दौरान भीषण जाम में फंसी रही एंबुलेंस
इस पूरी दुखद घटना के बीच प्रशासनिक बदहाली की एक और तस्वीर सामने आई। जहर खाने के बाद जब दोनों को स्थानीय अस्पताल से जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, तो एंबुलेंस हाउसिंग रोड स्थित गांगुली पार्क चौक के पास लगे भीषण जाम में फंस गई। जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे मरीजों को लेकर एंबुलेंस करीब एक घंटे तक जाम में तड़पती रही। बाद में मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत और कड़ी जद्दोजहद के बाद जाम को हटवाया और एंबुलेंस को अस्पताल के लिए रवाना किया। डॉक्टरों का कहना है कि यदि समय पर इलाज मिल जाता तो शायद युवक की जान बच सकती थी।
विज्ञापन


पुलिस कर रही मामले की गहन जांच
अमदंडा के थाना अध्यक्ष विशाल कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर दोनों पक्षों के परिजनों से गहन पूछताछ की है। लक्ष्मीकांत के दादा ने पुलिस को बताया कि यह दुखद वारदात कहलगांव के शिवकुमारी पहाड़ स्थित मकान में हुई, जहां उनके परिवार के कुछ लोग रहते हैं। पुलिस ने युवक के शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तरफ से लिखित आवेदन मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने और धमकी देने का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें