दरभंगा जिले में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ग्रेजुएशन के छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना सदर थाना क्षेत्र के खुटवारा मोड़ के पास की बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल छात्र का इलाज दरभंगा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में चल रहा है।
किसी बात को लेकर शुरू हुई थी बहस
घायल छात्र की पहचान खुटवारा गांव निवासी ललित कुमार यादव के 19 वर्षीय पुत्र दिलखुश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिलखुश शनिवार को अपने पिता की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान अतिहर गांव निवासी मयंक नाम का युवक वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई।
युवक पर चाकू से किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान मयंक ने अचानक चाकू निकाल लिया और दिलखुश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू लगने से छात्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर काफी खून बहने लगा।
मौके पर मची अफरा-तफरी
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल छात्र को तुरंत इलाज के लिए डीएमसीएच पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
आरोपी ने चाकू से हमला किया
घायल छात्र के चचेरे भाई सोनू कुमार ने बताया कि दिलखुश दुकान पर बैठकर अपना काम कर रहा था। तभी आरोपी युवक वहां पहुंचा और बहस करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि हमला बेहद अचानक हुआ, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: सम्राट चौधरी सरकार ने IAS अफसरों का किया तबादला, पटना प्रमंडल की जिम्मेदारी किन्हें मिली?
वहीं, अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है और लगातार उसकी निगरानी की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बिहार पुलिस की सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
लगातार की जा रही छापेमारी
सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली विवाद में इस तरह खुलेआम चाकूबाजी की घटना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।