Bihar News : मुख्यमंत्री के गृह जिले में एक शराबी बेटे ने अपने पिता के सिर में दनादन दो गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। परिजनों ने जो कारण बताया है वह चिंतित करने वाला है। फिलहाल वह फरार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
बिहार में लॉ एंड ऑर्डर दुरुस्त है कहने वाले मुख्यमंत्री के गृह जिले में एक शराबी बेटे ने अपने ही पिता को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना हिलसा थाना क्षेत्र के दबौल गांव की है। मृतक दबौल गांव निवासी स्व राम अनुग्रह के 60 वर्षीय पुत्र बिलटू शर्मा थे। घटना बुधवार शाम की है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि बिलटू शर्मा बुधवार की संध्या में परिवार के अन्य सदस्य के साथ घर मे बैठे हुए थे। तभी नशे की हालत में उनका पुत्र टुनटुन शर्मा आया और पिता को गाली गलौज करने लगा। इसी दौरान दोनों के बीच बकझक होने लगा। इसी बीच टुनटुन शर्मा ने कमर से पिस्तौल निकाला और अपने पिता के सिर में दनादन दो गोली दाग दी। गोली लगते ही बिलटू शर्मा जमीन पर गिर गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन
पत्नी और बहन के सामने पिता की कर दी हत्या
घटना के संबंध में आरोपी की पत्नी और बहन ने कहा कि यह सारी घटना मेरे आँखों के सामने हुआ है। दोनों ने बताया कि टुनटुन शर्मा हमेशा अपने पिता बिल्टू शर्मा से रुपयों की मांग करता रहता था। इस वजह से दोनों में हमेशा झगड़ा होते रहता था। उस दिन भी इसी बात को लेकर दोनों एक दूसरे से उलझ रहे बठे। हमलोगों ने दोनों के बीच हो रहे विवाद पर विरोध भी किया। दोनों के बीच काफी समय तक कहासुनी हुई लेकिन किसी को इस बात का आभास नहीं था कि आज इतनी बड़ी घटना हो जाएगी। टुनटुन शर्मा के द्वारा नशा करना और पिता बिल्टू शर्मा से बेवजह उलझना उसका रोज का काम था। परिवार वालों ने टुनटुन शर्मा को बहुत समझाया और बीच बचाव का प्रयास भी किया, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के संबंध में डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि बेटे ने द्वारा पिता की गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना का कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच पड़ताल कर रही है। आवेदन मिलने पर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।