होटल के साथ-साथ किराना दुकान और डिपो भी आग की भेंट चढ़े
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के खगड़िया जिले में बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे गायत्री पेट्रोल पंप के पास संचालित एक लाइन होटल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। पूरा होटल धू-धू कर जलने लगा। आग ने एक किराना दुकान और एक डिपो के कार्यालय को भी अपनी चपेट में ले लिया। यह घटना जिले के पसराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सतीशनगर के पास NH-31 के किनारे घटी। आग के विकराल रूप को देखकर लोग दहशत में आ गए, क्योंकि अगर आग पेट्रोल पंप को चपेट में ले लेती तो मंजर और भी भयानक हो सकता था। जब तक लोगों ने आग पर काबू पाया, तब तक लाइन होटल समेत उसके अंदर का सारा सामान जलकर राख हो गया।
वहीं, मौके पर मौजूद पेट्रोल पंप कर्मियों, होटल कर्मियों और अन्य लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग लगने की घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। बताया जा रहा है कि आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा नुकसान तो लाइन होटल मालिक का हुआ है। उसका पूरा व्यवसाय ही चौपट हो गया।
चंद सेकेंड में ही बेकाबू हुई आग, सब सामान हुआ खाक
स्थानीय लोगों ने बताया कि सतीशनगर स्थित गायत्री पेट्रोल पंप परिसर में पवन सिंह के द्वारा गायत्री लाइन होटल चलाया जाता था। आग लगने का जब तक लोगों को पता चला तब तक चंद सेकेंड में ही आग बेकाबू हो गई। वहीं, तेज पछिया हवा ने आग को चारों तरफ फैला दिया। आग लगने से लाइन होटल में रखी खाद्य सामग्री, कुर्सी-टेबल, चौकी, बरतन सहित अन्य सभी सामान जलकर राख हो गया। वहीं, लाइन होटल के पास संचालित किराना दुकान में रखा सभी सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। जबकि बालू-गिट्टी कारोबारी का एक डिपो कार्यालय भी आग में जल कर नष्ट हो गया।