बिहार विधान परिषद चुनाव में कोसी शिक्षक निर्वाचन सीट पर जदयू ने जीत हासिल की है। यहां पर पूर्व एमएलसी शारदा सिंह के बेटे और जदयू उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार सिंह ने जीत दर्ज किया। उन्होंने भाजपा ने रंजन कुमार को मात दी। इस सीट पर भाजपा और जदयू के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा था लेकिन काउंटिंग के बाद परिणाम डॉ. संजीव कुमार सिंह के पक्ष में ही आए।
इधर, सारण शिक्षक निर्वाचन सीट पर प्रशांत किशोर समर्थित उम्मीदवार आफाक अहमद ने जीत हासिल की। उन्होंने महागठबंधन (CPI) के उम्मीदवार आनंद पुष्कर को मात दी। काउंटिंग की शुरूआत से ही वह आनंद पुष्कर से आगे चल रहे हैं। चौथे राउंड की गिनती तक उन्हें 2073 वोट मिले। इधर, गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रथम वरीयता में 7 हजार मतों की गिनती पूरी हुई। काउंटिंग में भाजपा समर्थित उम्मीदवार जीवन कुमार को 2941 वोट मिला। वहीं जदयू उम्मीदवार संजीव श्याम सिंह को 1604 वोट प्राप्त हुआ।
जानिए कहां से कौन जीते या आगे चल रहे
- कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के संजीव कुमार सिंह की जीत हुई।
- गया शिक्षक निर्वाचन से भाजपा के जीवन कुमार की जीत हुई।
- सारण शिक्षक निर्वाचन से प्रशांत किशोर समर्थित निर्दलीय आफाक अहमद की जीत
- सारण स्नातक निर्वाचन से जदयू के बीरेंद्र नारायण यादव आगे चल रहे।
- गया स्नातक से भाजपा और राजद में कांटे की टक्कर है।
डॉ. पुनीत सिंह की प्रतिष्ठा सीधे सत्ताधारी सबसे बड़े दल से जुड़ी
गया स्नातक सीट पर भाजपा के अवधेश नारायण सिंह का सामना राजद के डॉ. पुनीत सिंह से है। नाम डॉ. पुनीत सिंह का है, लेकिन प्रतिष्ठा सीधे सत्ताधारी सबसे बड़े दल से जुड़ी है। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे और पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह के भाई डॉ. पुनीत सिंह को जिताने के लिए राजद ने पूरी ताकत झोंक रखी है। राज्य की राजनीति में कद और अनुभव के हिसाब से अवधेश नारायण सिंह बीस हैं, इसलिए यह सीट प्रतिष्ठा के टकराव का सबसे बड़ा इलाका है। यह सीट प्रतिष्ठा पर इसलिए भी फंसी है, क्योंकि उम्मीद और दावों से उलट गया के शिक्षक सीट पर जनता दल यूनाईटेड के अनुभवी प्रत्याशी संजीव श्याम सिंह को भाजपा के जवान चेहरे जीवन कुमार ने वोटों की गिनती में पछाड़ रखा है।