राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव एक बार फिर से अपने पुराने अंदाज में लौट आए हैं। बुधवार सुबह वह अपनी दबंग स्टाइल में पटना की सड़कों पर दिखाई दिए। अपनी पुरानी जीप लेकर वे दनदनाते हुए सड़कों पर फर्राटा भरने लगे, इस नजारे को जिसने भी देखा वह हैरान ही हो गया।
जानकारी के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव मंगलवार रात से ही अपनी पुरानी जीप चलाने की जिद कर रहे थे, लेकिन जीप ठीक होने गई हुई थी। ऐसे में जैसे ही बुधवार सुबह जीप बनकर उनके घर पहुंची, लालू प्रसाद यादव उसकी ड्राइविंग सीट पर सवार हो गए और जीप लेकर पटना की सड़कों पर निकल पड़े।
ड्राइविंग के बाद लालू का गीता रूपी ज्ञान
कार ड्राइविंग के बाद राजद प्रमुख ने ट्विटर पर गीता का ज्ञान भी समझाया। उन्होंने ड्राइविंग की वीडियो अपलोड करते हुए लिखा- 'आज वर्षों बाद अपनी प्रथम गाड़ी को चलाया। इस संसाद में जन्में सभी लोग किसी ना किसी रूप में ड्राइवर ही तो हैं। आपके जीवन में प्रेम, सद्भाव, सौहार्द, समता, समृद्धि, शांति, सब्र, न्याय और खुशहाली रूपी गाड़ी सबको साथ लेकर सदा मजे से चलती रहे।'
नीतीश का प्रपंच हम तोड़ेंगे: लालू
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए कहा कि इन लोगों का प्रपंच हम तोड़ेंगे। बुधवार को राजद कार्यालय में लालू प्रसाद ने साढ़े छह टन की लालटेन को रोशन किया। इस दौरान लालू ने कहा कि तूफान में भी नहीं बुझने वाले दीया है यह लालटेन। लालटेन रोशनी का चिह्न है। हेरिकन लैंप है। नीतीश के प्रपंच को हम तोड़ेंगे। जब हम रेल मंत्री बने तो घाटे के सौदे वाले रेल को भी फायदे में लाया। 90 प्रतिशत पूल का अप्रोच हमने बनवाया है। लालू प्रसाद ने कार्यकर्ताओं और नेताओं को हरी टोपी और हरे गमछे के साथ देखकर खुशी जताई।
लालू बोले, कृषि कानूनों की वापसी मोदी की हार
लालू ने कृषि कानूनों की वापसी पर कहा कि यह किसानों की जीत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हार है। जब तक एमएसपी का निर्धारण नहीं होगा तब तक आंदोलन रुकेगा नहीं। उन्होंने कहा कि आज सब गरीब एकजुट हैं। उन्होंने बुधवार को राजद कार्यालय में साढ़े छह टन की लालटेन को रोशन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, चुनाव में तेजस्वी यादव और कार्यकर्ताओं ने मेहनत की और विरोधियों को धूल चटा दी है। लालू ने पीएम मोदी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, इन लोगों का प्रपंच हम तोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि तूफान में भी नहीं बुझने वाला दीया है यह लालटेन।