सहरसा जिले में बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर वार्ड नंबर-5 में शनिवार अहसुबह करीब नौ बजे पानी भरे गड्ढे में डूबने से करीब 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। बालक की पहचान सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के मुरली टेंगरहा निवासी सुनिल शर्मा के पुत्र सुमित कुमार के रूप में हुई है।
मृतक बालक के ममेरे भाई प्रमोद शर्मा ने बताया कि शुक्रवार देर संध्या को वह अपनी मां के साथ बैजनाथपुर ननिहाल आया था। जो शनिवार की अहसुबह करीब नौ बजे स्थानीय बच्चों के साथ मेदनी यादव के पोखर के पास खेलने गया था। उसी दौरान पानी से भरे गड्ढे में कमल का फूल तोड़ने गया और गहरे पानी में पैर फिसल जाने के कारण पानी में गड्ढे में डूब गया। गड्ढे की गहराई करीब आठ फीट बताई जा रही है।
जब बच्चा ऊपर नहीं आया तो साथ में खेल रहे बच्चों ने घर पहुंच परिजनों को डूबने की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग घटना स्थल पर पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया और आनन-फानन में लॉर्ड बुद्धा कोशी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के उपरांत बैजनाथपुर थाना पुलिस घटना स्थल पहुंच और घटना की तहकीकात करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।